{"_id":"594570964f1c1b28698b49b1","slug":"shivani-s-murder-was-for-five-lakh","type":"story","status":"publish","title_hn":"पांच लाख के लिए की थी शिवानी की हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पांच लाख के लिए की थी शिवानी की हत्या
अमर उजाला जालौन
Updated Sat, 17 Jun 2017 11:40 PM IST
विज्ञापन
murder demo pic
डॉक्टर की पुत्रवधू की मौत के मामले में पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। युवती के पिता का आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ही उनकी बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुरानी नझाई निवासी डॉ. अशोक कुमार दुबे की पुत्रवधू शिवानी (25) पत्नी आशुतोष का शव शुक्रवार की शाम उसके कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से लटका मिला था। तीतरा खलीलपुर निवासी शिवानी के पिता कृष्ण मोहन ने शनिवार को कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि 24 नवंबर को बेटी की शादी प्राइवेट शिक्षक आशुतोष से की थी। शादी के बाद से ही आशुतोष, ससुर डॉ. अशोक, सास रेखा, देवर मनीष सहित उसकी दो ननद बेटी पर पांच लाख रुपये मायके से लाने का दबाव डाल रहे थे।
विज्ञापन
मांग पूरी न होने पर ससुराल वाले मारपीट भी करते थे। कई बार समझा बुझा कर मामला शांत कराया गया, लेकिन उसके ससुर बेटे आशुतोष की सरकारी नौकरी लगवाने के लिए रुपयों की मांग पर अड़े रहे। इसी बात पर शुक्रवार की सुबह भी ससुरालियों ने शिवानी के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी बेटी ने मां को देते हुए अनहोनी होने की आशंका जताई थी। कुछ ही देर बाद शाम को शिवानी की मौत की खबर भी आ गई। शिवानी के पिता की तहरीर पर कोतवाली प्रभारी महाराज सिंह तोमर ने पति, सास, ससुर समेत आधा दर्जन ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश भी शुरू कर दी है।
विज्ञापन