{"_id":"5aaeae994f1c1bbf088b5f8f","slug":"burning-the-house-with-a-fire-on-a-short-circuit-three-scorching","type":"story","status":"publish","title_hn":"शार्ट सर्किट से लगी आग से घर जला, तीन झुलसे","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
शार्ट सर्किट से लगी आग से घर जला, तीन झुलसे
अमर उजाला ब्यूूराे जालाैन
Updated Sun, 18 Mar 2018 11:53 PM IST
विज्ञापन
आग
- फोटो : प्रतीकात्मक फोटो
ग्राम गोरा भूपका निवासी इलखरी पत्नी इलियास के घर शनिवार की देर रात शार्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेज होने पर घरवालों की आंख खुल गई। आग देखकर वह लोग चीखते हुए बाहर की ओर भागे। उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। इलखरी के घर में आग लगने की खबर गांव में फैलते ही अफरा तफरी मच गई। ग्रामीण व घरवालों ने कुछ सामान बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि घर के अंदर जाना संभव न था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
विज्ञापन
काफी देर इंतजार के बाद भी जब दमकल नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीण बाल्टियों में पानी भर भर कर डालने लगे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखी पूरी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। गृह स्वामिनी इलखरी ने बताया कि आग से उसके घर में रखे 50 हजार रुपये नगद, खाने पीने की पूरी गृहस्थी, एक बाइक, दुकान का रखा साइकिल टायर टयृूब आदि तो जला ही साथ ही घर में बंधी तीन बकरियां भी जलकर मर गई।
विज्ञापन
इसके अलावा आग बुझाने में गांव के ही वसीम, तौफीक व बड़े झुलस गए। गांव में दमकल न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। उधर ग्रामीणों ने इसकी सूचना नायब तहसीलदार विपिन कुमार को दी। उन्होंने लेखपाल को भेजकर जांच कराए जाने की बात कही है। वहीं ग्राम प्रधान ने तुरंत पीड़ित के घर पहुंचकर दो हजार रुपये की आर्थिक मदद व खाने पीने का सामान पहुंचाया। इसके अलावा उन्होंने शासन व प्रशासन से भी मदद दिलाए जाने का भरोसा दिलाया है।
विज्ञापन
15 दिन पूर्व हुई थी गृह स्वामी की मौत
15 दिन पहले ही बीमारी के चलते गृह स्वामी इलियास की मौत हो गई थी। इसके बाद घर के पूरी जिम्मेदारी इलखरी के कंधों पर आ गई थी। वह पूरे परिवार को जैसे तैसे संभाल रही थी, लेकिन आग ने उसका सब कुछ बर्बाद कर दिया। घर में गृहस्थी जली देखकर उसके आंसू थम नहीं रहे थे।