राशन डीलर पुत्र से दिन-दहाड़े 69 हजार लूटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों की गतिविधियाें में अचानक तेजी आ गई है। दो दिन पूर्व तीन जगहों पर हुई लूटपाट का शोर शांत भी नहीं हुआ है कि शनिवार को दिन दहाड़े बदमाशों ने एक बाइक सवार राशन डीलर के बेटे से हथियारों के बल पर 69 हजार रुपये लूट लिए। वह अपनी बाइक से राशन का कैश जमा कराने के लिए अपने गांव से सिंडीकेट बैंक आ रहा था। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेंदरिया में वीरी सिंह पुत्र किशनलाल की सरकारी राशन की दुकान है। वीरी सिंह बुजुर्ग व्यक्ति हैं। उनकी जगह उनका पुत्र दीनदयाल ही राशन के लेन-देन का काम करता है। 16 जनवरी राशन का कैश जमा कराने की आखिरी तारीख थी। लिहाजा वह घर से 69 हजार रुपये लेकर बैंक में जमा कराने के लिए सुबह 10 बजे अपनी बाइक से चला। सहपऊ में मां भद्रकाली के मंदिर पर आने पर अचानक उसे याद आया कि राशन का चालान फॉर्म ही वह घर भूल आया है। वह चालान फॉर्म को लेने वापस घर आया और लेकर चल दिया। जैसे ही वह महरारा-सहपऊ रोड पर गिर्राज कोल्ड स्टोर के नजदीक पहुंचा, अचानक पीछे से आती एक काली पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी और उसकी तलाशी शुरू कर दी। इससे पहले वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और उसके हाथ में लगे नकदी के थैले को छीनकर ले गए। पीड़ित के मुताबिक बाइक चालक ने स्टील का हेलमेट लगा रखा था। अन्य दो बदमाशों ने अपने चेहरे कपडे़ से ढक रखे थे। बदमाशों के जाने के बाद उसने हल्ला मचाया तो कोल्ड स्टोर और पास के भट्टे पर काम करने वाले लोग घटनास्थल पर भागकर आए। सूचना पर मौके पुलिस भी पहुंच गई और बदमाशों की काफी खोजबीन कराई, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। घटनास्थल पर काफी जमघट लग गया। ------- लूट की जानकारी तो मिली है, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई तहरीर पीड़ित पक्ष की तरफ से नहीं मिली है, फिर भी घटना की छानबीन शुरू कर दी गई है। - उदयवीर सिंह, एसओ सहपऊ