संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के हॉटस्पॉट इलाके में रोजान की तरह फिर सन्नाटा पसरा रहा और वहां पुलिस फोर्स भी तैनात रही। हालांकि कुछ लोगों ने वहां आवाजाही भी की। वहीं शहर के अन्य इलाकों में अब दिनचर्या सामान्य होती जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक बाजार खुले और लोगों ने अपने काम निपटाए। बैंक, राशन की दुकानों, गैस एजेंसियों सहित अन्य सरकारी दफ्तरों पर भीड़ देखी गई। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया।
इस जिले में अब तक कोरोना के 20 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें से 8 स्वस्थ भी हो चुके हैं। लॉकडाउन-4 में काफी छूट भी लोगों को मिल गई है। ऐसे में सामान्य दिनचर्या लगातार पटरी पर आ रही है। सुबह से ही शहर के काफी इलाकों में लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने अपने जरूरी काम निपटाए। काफी दुकानें भी खुली। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग देखने को नहीं मिली। बैंक, राशन की दुकानों, सरकारी दफ्तरों में भी लोगों की भीड़ दिखी। वहीं शहर के घंटाघर, सीकनापान गली के इलाके हॉटस्पॉट में हैं। यहां अभी भी बाजार नहीं खुले हैं। ऐसे में शहर के काफी इलाकों में खामोशी छाई रही। उम्मीद लगाई जा रही है कि 21 मई के बाद यहां भी बाजार खुल जाएगा।