पाकिस्तानी टिड्डी दल ने एक बार फिर से शुक्रवार की शाम को सादाबाद क्षेत्र में दस्तक दी। हालांकि यह टिड्डी दल सादाबाद क्षेत्र के कई गांवों से होकर आसमान के रास्ते होकर गुजर गया। दल के किसी गांव में न ठहरने पर किसानों ने राहत की सांस ली। जिन गांवों से यह ट्डिडी दल गुजरा, वहां किसानों ने थाली आदि भी बजाई।
पाकिस्तानी टिड्डी दल ने सादाबाद में पिछले दिनों दस्तक दी थी। गांव मंस्या में भी एक रात को यह दल ठहरा था, लेकिन ग्रामीणों व प्रशासनिक अधिकारियों की सजगता की वजह से यह दल किसानों की फसलों का नुकसान नहीं कर सका था। जिला कृषि रक्षा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को फिर से इस टिड्डी दल ने सादाबाद क्षेत्र के गांव गुखरौली, गढ उमराव, नगला दुर्जिया होता हुआ गांव अभयपुरा से नौपुरा से आगरा पैंतखेड़ा की तरफ प्रस्थान कर गया। हालांकि यह दल किसी गांव में रूका नहीं और आसमान में उड़ान भरते हुए सादाबाद क्षेत्र से बाहर प्रस्थान कर गया। उन्होने बताया कि किसानों को इस टिड्डी दल से निपटने के लिए लगातार शिविर लगाकर जागरूक किया जा रहा है।