Hathras News: दवा की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी, लाखों का माल जलकर राख
पहली मंजिल पर रिंकू अग्रवाल की दो दुकानें हैं। रात आठ बजे मार्केट बंद हो गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे सड़क से गुजर रहे लोगों ने कांप्लेक्स की पहली व दूसरी मंजिल से तेज धुआं उठता देखा। यह देख वहां खलबली मच गई।
विस्तार
हाथरस शहर के सरक्यूलर रोड स्थित चेतन कांप्लेक्स स्थित दवा की दुकान में 22 फरवरी की रात को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे में लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। धुएं के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दवा कारोबारी का रो-रो कर बुरा हाल था। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका।
सरक्यूलर रोड पर होली वाली गली के कोने पर शहर की यह काफी पुरानी कांप्लेक्स है। यहां बर्तन से लेकर हार्डवेयर व दवाओं की लगभग 30 दुकानें हैं। भूतल व पहली मंजिल पर दुकानें हैं। पहली मंजिल पर अधिकतर दुकानें दवा कारोबारियों की हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर कमरे बने हुए, जो कि दुकानदारों पर गोदाम के रूप में हैं।
पहली मंजिल पर बुर्ज वाला कुआं निवासी रिंकू अग्रवाल की दो दुकानें हैं। रविवार रात आठ बजे मार्केट बंद हो गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे सड़क से गुजर रहे लोगों ने कांप्लेक्स की पहली व दूसरी मंजिल से तेज धुआं उठता देखा। यह देख वहां खलबली मच गई। मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना पर कांप्लेक्स के दुकानदार भी वहां आ गए।
धुएं के कारण काफी देर तक तो यह समझ नहीं आया कि आग किस तल पर लगी है। सूचना पर अग्निशमन विभाग के तीन वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने जैसे-तैसे शटर खुलवाया, लेकिन दुकान धुएं से भर चुकी थी। शटर खुलते ही आग की लपटें निकलने लगीं। एक बार को पहली मंजिल पर भगदड़ मच गई।
दमकल कर्मियों ने जैसे-तैसे लपटों पर काबू पाया। धुएं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। आग बिजली के तारों के कारण दुकान के ऊपर दूसरी मंजिल पर बने कमरे तक पहुंच गई। वहां भी रिंकू अग्रवाल का माल रखा हुआ था। दमकल कर्मियों ने गोदाम का दरवाजा तोड़ा तथा आग पर काबू पाया।
वेंटिलेशन न होने के कारण भर गया धुआं
चेतन कांप्लेक्स में वेंटिलेशन शून्य है। ऊपरी मंजिल पर जाने के लिए एक ही रास्ता है। इसके अलावा दूसरी मंजिल पर लगे जाल को बारिश के कारण ऊपर से फाइबर शीट लगाकर ढंक दिया गया है। धुआं केवल सामने की तरफ से बाहर निकल सकता था। इस कारण सभी दुकानों व ऊपर की मंजिल के कमरों में धुआं भर गया। दमकल कर्मियों का भी दम घुट रहा था। इस कारण आग बुझाने में देरी हुई।
दुकानदारों ने निकाला सामान
आग से आसपास के दुकानदारों में भी खलबली मच गई। आनन-फानन व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें खोलीं और उसमें रखे गत्ते व अन्य ज्वलनशील सामान को निकालकर बाहर किया। आग बुझने तक दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें के पास ही बने रहे।