आधी रात को घर में कूद गया पड़ोसी
हाथरस। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव में चार दिन पहले आधी रात को एक युवक अपने पड़ोस के घर में कूद गया। इसके बाद उसने उम्र में दस साल छोटी युवती को दबोच लिया। शोर से परिजन जाग गए और उन्होंने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस को शिकायत की। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर परिजनों ने गुरुवार को एसपी से मिलकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी को उन्होंने पकड़ लिया था, लेकिन वह उनकी पकड़ से छूटकर भाग निकला। अगले दिन सुबह गांव के संभ्रांत लोगों को इस बारे में जानकारी देकर आरोपी की तलाश की गई। आरोपी गांव से फरार हो गया। ग्रामीण इकट्ठे होकर थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से पहले मामले की जांच करने को कहा। चार दिन बीतने के बाद जब पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे। एसपी डॉ. एस. चन्नप्पा ने सभी को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
शौच को गई बुआ-भतीजी से छेड़छाड़
हाथरस। सदर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली बुआ-भतीजी के साथ उन्हीं के मोहल्ले के दो युवकों ने शौच के दौरान छेड़छाड़ की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी युवक भाग निकले। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर ले ली है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। कोतवाल एके सिंह का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।