आय से अधिक संपत्ति: सीएमओ कार्यालय के लिपिक पर आरोप, एंटी करप्शन ब्यूरो ने शुरू की जांच
सीएमओ कार्यालय में तैनात लिपिक पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे हैं,हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक निजी नर्सिंग होम संचालक द्वारा इस लिपिक की उच्चाधिकारियों से कई शिकायत की गई थीं। शिकायतकर्ता के मुताबिक इस लिपिक द्वारा कम समय में ही कम वेतन होने के बाद काफी पैसा एकत्रित कर लिया गया। आखिर लिपिक पर इतना पैसा कहां से आया।
विस्तार
निजी नर्सिंग होम संचालक ने की थी शिकायत
सीएमओ कार्यालय में तैनात जिस लिपिक पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे हैं, बताया जाता है कि जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक निजी नर्सिंग होम संचालक द्वारा इस लिपिक की उच्चाधिकारियों से कई शिकायत की गई थीं। शिकायतकर्ता के मुताबिक इस लिपिक द्वारा कम समय में ही कम वेतन होने के बाद काफी पैसा एकत्रित कर लिया गया। आखिर लिपिक पर इतना पैसा कहां से आया। शिकायतकर्ता द्वारा की गई शिकायत पर संबंधित जांच एजेंसी ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत पर लिपिक को किया जा चुका है कलेक्ट्रेट से संबद्ध
सीएमओ कार्यालय के इस लिपिक का विवादों से पुराना नाता रहा है। पूर्व में भी इस लिपिक की उच्चाधिकारियों तक शिकायतें पहुंचती रही हैं। ऐसी ही एक शिकायत के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए इस बाबू को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से हटाकर कलेक्ट्रेट पर संबद्ध कर दिया था।
आरोपी लिपिक पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में घिरे सीएमओ ऑफिस के लिपिक पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप है। बताया जा रहा है आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर जब जांच एजेंसी ने जांच के लिए आरोपी बाबू से संपर्क करने का प्रयास किया तो वह जांच एजेंसी से नहीं मिला और जांच में किसी प्रकार का कोई सहयोग नहीं किया।
सीएमओ दफ्तर में लिपिक के खंगाले जा रहे रिकॉर्ड
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में घिरे लिपिक द्वारा जांच एजेंसी से सहयोग नहीं करने पर अब उसके खिलाफ अभी तक देखे गए पटल व कार्यों की जांच शुरू हो गई है। जांच एजेंसी द्वारा अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी लिपिक द्वारा नियुक्ति के बाद कौन-कौन से पटल देखे गए हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए एक एसीएमओ व एक डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में गठित टीम आरोपी लिपिक के रिकॉर्ड को जब्त कर सूची तैयार कर रही है।
एक लिपिक द्वारा कौन-कौन से कार्य देखे गए हैं, इसे लेकर जानकारी मांगी गई है। लिपिक द्वारा अभी तक किए गए कार्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही अधिकारियों को इस संबंध में अवगत करा दिया जाएगा।-डॉ.मनजीत सिंह, सीएमओ।