{"_id":"7-15106","slug":"Hathras-15106-7","type":"story","status":"publish","title_hn":"अभिभावक बताएंगे खाने में बच्चों को क्या मिला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अभिभावक बताएंगे खाने में बच्चों को क्या मिला
Hathras
Updated Mon, 23 Sep 2013 05:36 AM IST
विज्ञापन
हाथरस। स्कूल में बनने वाले मिड-डे-मील में बच्चों को खाने में क्या मिला, भरपेट भोजन मिला या नहीं। इसकी जानकारी अब सीधे लखनऊ से बच्चों के अभिभावकों से ली जाएगी। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने इसके लिए कमर कस ली है। अभिभावक संघ के मोबाइल नंबरों की सूची तैयार कर प्राधिकरण को भेेजे जाने के निर्देश जिला समन्वयक एमडीएम को दिए गए हैं। मिड-डे मील की गड़बड़ियों के चलते बच्चों के बीमार होने और शिक्षकों एवं अधिकारियों द्वारा फर्जीवाड़ा करने संबंधी शिकायतों को शासन ने गंभीरता से लिया है। इन समस्याओं के समाधान के लिए शासन ने अब नया तरीका निकाला है। जिसमें अब मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने ठोस पहल की है। भोजन के मीनू, गुणवत्ता और मात्रा पर नजर रखने के लिए विद्यालयों में गठित अभिभावक संघ की जिम्मेदारी तय की गई है। अभिभावक संघ के सभी सदस्यों के मोबाइल नंबरों की सूची तैयार कराई जा रही है। इन नंबरों पर मध्याह्न भोजन प्राधिकरण से प्रतिदिन मोबाइल पर मध्याह्न भोजन की जानकारी मांगी जाएगी। अभिभावक संघ के लोगों को मानक एवं मीनू को देखने में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसको विधिवत रूप से विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर सूची को चस्पा करा दिया जाएगा। इस सूची में देखकर अभिभावक संघ के सदस्य प्राधिकरण को यह बताएंगे कि भोजन मीनू के अनुसार बना है कि नहीं और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है कि नहीं। विद्यार्थियों को पर्याप्त मात्रा में मध्याह्न भोजन कराया गया है कि नहीं इसकी भी जानकारी अभिभावक संघ के सदस्यों को देनी होगी। अभिभावक संघ के सदस्यों का हेडमास्टर द्वारा मध्याह्न भोजन के समय विद्यालय में उपस्थित रहने के लिए विधिवत रूप से टाइम टेबिल व दिन का भी पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जिससे यह समय से विद्यालय में उपस्थित होकर मध्याह्न भोजन की विधिवत रूप से जानकारी प्राधिकरण को दे सकें। इससे मिड-डे मील के नाम पर होने वाले फर्जीवाडे़ को रोक लगेगी। रसोइयों से भी मोबाइल पर यह पूछा जाएगा कि उन्हें मानदेय मिला या नहीं। मानदेय में कितनी धनराशि मिली है। मध्याह्न भोजन को पकाने के लिए ब्रांडेड मसाले मिल रहे हैं कि नहीं। यह सवाल भी पूछे जाएंगे। रसोइयों के ब्लॉक मुख्यालय पर मोबाइल नंबर भी दर्ज कराए जाएंगे। अगर किसी रसोइया के पास मोबाइल नहीं है तो वह अपने किसी भी परिजन का मोबाइल नंबर दर्ज करा सकती हैं।
विज्ञापन