{"_id":"578537ec4f1c1b081b13e0c9","slug":"the-teachers-left-the-school-the-two-np-anpiarsi","type":"story","status":"publish","title_hn":"शिक्षकों ने स्कूल छोड़ा, नप गए दो एनपीआरसी ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शिक्षकों ने स्कूल छोड़ा, नप गए दो एनपीआरसी
अमर उजाला ब्यूराो/हरदोई
Updated Wed, 13 Jul 2016 12:03 AM IST
विज्ञापन
स्कूल में बैठे बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। स्कूल समय टीचर बीएसए आफिस पहुंच गए और इसकी जानकारी एनपीआरसी को नहीं थी। इस लापरवाही पर बीएसए ने दो एनपीआरसी को निलंबित करने का आदेश दिया है। एक प्रधानाध्यापक ने शिक्षिका के स्कूल छोड़कर जाने की सूचना नहीं दी। इस पर उनको भी निलंबित करने का आदेश दिया गया है।
विज्ञापन
हरियावां ब्लाक के प्राथमिक स्कूल अगौलापुर के शिक्षक सुनील शर्मा मंगलवार को करीब साढ़े दस बजे बीएसए आफिस पहुंचे थे। स्कूल के समय आने पर बीएसए डा. मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने उनसे जवाब तलब किया। शिक्षक ने बताया कि एनपीआरसी नंद किशोर पुष्कर से अवकाश लेकर आए हैं। इस पर बीएसए ने फोन कर जानकारी ली। एनपीआरसी ने शिक्षक को अवकाश न देने की बात कही। शिक्षक ने एनपीआरसी से बातचीत की रिकार्डिंग बीएसए को सुनाई। बीएसए ने लापरवाही बरतने के आरोप में एनपीआरसी नंद किशोर पुष्कर के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
विज्ञापन
इसी तरह शाहबाद ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय हर्रइया की सहायक अध्यापिका भी स्कूल समय बीएसए कार्यालय आई थी। शिक्षिका ने एनपीआरसी से अवकाश लेकर आने की जानकारी दी। एनपीआरसी ने शिक्षिका के अवकाश पर होने की जानकारी से इंकार किया। इस पर बीएसए ने एनपीआरसी के साथ प्राथमिक विद्यालय हर्रइया के प्रधानाध्यापक को भी निलंबित करने का आदेश दिया है।
विज्ञापन
मालूम हो कि अगर कोई शिक्षक अवकाश पर रहता है तो उसकी जानकारी एनपीआरसी को होनी जरूरी है। प्रधानाध्यापक ने शिक्षिका के स्कूल से जाने की सूचना नहीं दी। इसलिए उन पर कार्रवाई की गई।
बैठे रहे बच्चे, नहीं आए शिक्षक
गोपामऊ। गोपामऊ जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक सदाकत अली, सहायक अध्यापक कृष्ण प्रताप और दो अनुदेशक विनीत कुमार और सुरजीत तैनात हैं। मंगलवार को बच्चे और रसोइया स्कूल पहुंच गए लेकिन शिक्षक व अनुदेशक नहीं आए। बच्चे व रसोइया काफी देर तक बरामदे में बैठे रहे। इस संबंध में प्रधानाध्यापक को फोन लगाया गया तो उन्होंने कहा कि मैं पिहानी का एनपीआरसी हूं, गोपामऊ जूनियर स्कूल खुला या नहीं इसकी जानकारी नहीं है। सहायक अध्यापक कृष्ण प्रताप ने फोन पर बताया कि अपने ट्रांसफर के लिए इलाहाबाद में हूं। अनुदेशक सुरजीत का कहना था कि सुबह स्कूल खुल गया था।