हरदोई। कानपुर नगर में शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हुए हमले और इसमें सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की मौत होने पर सपा ने दुख व्यक्त किया है। शहीद उद्यान स्थित स्तंभ पर सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्घांजलि दी गई। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर शहीदों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन से पहले सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल ने कहा कि कानपुर में शहीद 8 पुलिस कर्मियों के दुखी व पीड़ित परिवार को सरकार एक करोड़ रुपये मुआवजा दे और घायलों को 50 लाख रुपये इलाज के लिए दे। बीजेपी सरकार में जब जनता की सुरक्षा करने वाली पुलिस ही सुरक्षित नहीं है। पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को सौंपा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष रहमत अली मोनू, अमित सिंह मीतू, नीरज अवस्थी, प्रशांत मिश्रा, रियासत खां, सतेंद्र यादव सत्या, सूरज वर्मा, परिवेश श्रीवास्तव कुक्कू अभिनव राजपूत आदि मौजूद रहे।