हरदोई। गोदामों पर बिना पर्यवेक्षक राशन उठान होने एवं वसूली का आरोप लगा आदर्श कोटेदार उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जांच की मांग की है। पदाधिकारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को दिए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष अनिल कुमार अवस्थी का कहना है कि एसडीएम शाहाबाद व सवायजपुर को पूर्व में भी ज्ञापन दिया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद की सभी राशन गोदामों पर बिना पर्यवेक्षक के उठान हो रहा है। 51 व 52 किलो के हिसाब से प्रति कट्टी आठ से 10 रुपये लेबर चार्ज की वसूली की जा रही है। माधौगंज व भरखनी में उपभोक्ताओं द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। ई-पॉश मशीन तोड़ देना आम बात हो गई है। वर्ष 2007 से लेकर 2018 तक का एमडीएम के भाड़े का भुगतान तत्काल करवाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों में राजनीतिक दबाव में कोटेदारों पर निलंबन यहां तक की रिपोर्ट तक दर्ज करा दी जाती है । कार्रवाई कराने से पूर्व किसी सक्षम अधिकारी से जांच कराई जाए। इस मौके पर अवनीश कुमार सिंह, उदय प्रताप सिंहिह, विपिन कुमार, श्रीकृष्ण, कृष्णराम, बृजेंद्र द्विवेदी आदि मौजूद रहे।