हरदोई। शनिवार की भांति ही रविवार को भी पारा ज्यादा ऊंचाइयों को नहीं छू पाया। बदली व ठंडी हवाएं सूरज की तपिश को कम करती रहीं, जिससे अधिकतम पारा 38 डिग्री पर अटका रहा। इधर, मौसम वैज्ञानिकों ने संभावना व्यक्त की कि सोमवार से पारा 40 डिग्री होने के पूरे आसार है। इस हफ्ते निश्चित रूप से तपिश लोगों को परेशान करेगी।
रविवार को सुबह से ही हल्की-हल्की बदली रही तो ठंडी हवाएं मौसम को खुशनुमा बनाएं रखने में कामयाब रहीं। इसके बाद सूरज के निकलते ही एक बार फिर हल्की गर्मी का एहसास लोगों को होने लगा, लेकिन लगातार चल रही हवाओं ने मौसम को और ज्यादा गर्म नहीं होने दिया। दोपहर होते-होते मौसम काफी गर्म हो गया, लेकिन शनिवार की अपेक्षा रविवार को तापमान अधिकतम 38 डिग्री ही पहुंच सका। इधर, मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार से इस हफ्ते तापमान 40 पार रहने के पूरे आसार हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद प्रतिदिन सूरज के तेवर और कड़े रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस हफ्ते बुधवार से शुक्रवार तक तापमान 42 डिग्री तक रहने के आसार हैं। कुल मिलाकर गर्मी लोगों को परेशान करेगी।