हरदोई। पाली पुलिस ने फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पाली कस्बे के मोहल्ला शेख सरायं निवासी अरबाज खां पुत्र इजहार खां की गिरफ्तारी के लिए काफी समय से प्रयास किया जा रहा था। अरबाज पर पिहानी, बेहटागोकुल और टड़ियावां थाने के साथ ही पाली थाने में लूट, गैंगस्टर, अवैध शस्त्र बनाने के कुल नौ मामले दर्ज हैं। मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे पाली थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर को जानकारी मिली कि अरबाज अपने घर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ सकता है। इसी सूचना पर पुलिस टीम सक्रिय हुई। तड़के ही जामा मस्जिद के निकट से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि गत वर्ष दिसंबर में भी अरबाज पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष, एसआई मुकुल दुबे, सिपाही अब्दुल रसीद, जितेंद्र कुमार और संदीप पाल शामिल रहे।