Holi 2023: होली पर परिवहन विभाग की खास तैयारी, दिल्ली और लखनऊ के लिए 73 नई बसें, यात्रियों को मिलेगी राहत
होली पर्व पर हरदोई से दिल्ली और लखनऊ जाने वाले मुसाफिरों का सफर आसान हो सकेगा। परिवहन विभाग तीन से 12 मार्च तक 73 नई बसें चलाएगा।
विस्तार
हरदोई जिले में होली पर दिल्ली व लखनऊ जाने वाले मुसाफिरों का सफर सुहाना हो सकेगा। हरदोई डिपो तीन मार्च से 12 मार्च तक दोनों रूटों पर 73 अतिरिक्त बसें चलाएगा। अभी इन दोनों रूट पर पहले से ही करीब 80 बसें चल रहीं हैं। जिला मुख्यालय के अलावा छह बड़े कस्बों से दिल्ली जाने के लिए बसें मिलेंगी।
अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गईं हैं। जनपद के अधिकांश लोग दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में काम करने जाते है। होली पर लोगों के घर वापसी के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। लोगों की भीड़ स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन पर बढ़ने लगी है।
इस बार होली पर घर आने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस बार परिवहन निगम ने दिल्ली, कानपुर और लखनऊ रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई है। ज्यादातर यात्री इन्हीं मार्गों से अपने घरों को पहुंचते हैं। इसके अलावा तीन मार्च से 12 मार्च तक नियमित रूप से बसें चलेंगी।
बसों के बढ़ाए जाएंगे फेरे
ये बसें प्रयागराज, बरेली, शाहजहांपुर, कन्नौज सीतापुर आदि मार्गों पर चलेंगी। यात्री बढ़ने पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। जिले के स्थानीय रूटों शाहाबाद, बिलग्राम, साड़ी, पिहानी सहित अन्य रूटों पर भी बसें नियमित चलेंगी। रोडवेज शुक्रवार से अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर देगा।
यह बढ़ेगी बसें
रोडवेज प्रशासन की ओर से दिल्ली मार्ग पर 60 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। जो विभिन्न डीपो से चलेगी। इसके अलावा 13 राजधानी बसों का भी शुक्रवार से संचालन शुरू हो जाएगा। जो लखनऊ से दिल्ली तक जाएंगी। इसके अतिरिक्त कानपुर और लखनऊ मार्ग पर भी एक दर्जन अतिरिक्त बसों के संचालन की कार्य योजना तैयार की गई है। यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की संख्या संबंधित मार्ग पर बढ़ा दी जाएगी।
ट्रेनों की जारी है लेट लतीफी
स्थानीय स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की लेट लतीफी जारी है। गुरुवार को 15652 जम्मूतवी एक्सप्रेस दो घंट 30 मिनट विलंब से आई। वही किसान एक्सप्रेस चार घंटा तीन मिनट और पंजाब मेल चार घंटा विलंब से स्थानीय स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा 13152 जम्मूतवी- कोलकत्ता एक्सप्रेस 25 मिनट, 15076 टकनपुर-चेपक एक्सप्रेस 30 मिनट विलंब से पहुंची।
होली का त्योहार देखते हुए दिल्ली रूट पर शुक्रवार से अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। राजधानी बसों भी शुक्रवार को मिल जाएंगी। त्योहार पर यात्रियों की संख्या के आधार पर अन्य मार्गों पर भी अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। -अपराजित श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज