तालाब में डूबा हिमांशु: बत्तखों को पत्थर मारते-मारते फिसला पैर, साढ़े चार घंटे बाद मिला मासूम का शव
एसडीएम विवेक कुमार ने बताया कि हापुड़ और गढमुक्तेश्वर के गोताखोरों की मदद से मासूम बच्चे के शव को तालाब से बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तालाब में डूबकर चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हापुड़ व गढमुक्तेश्वर से मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने साढ़े चार घंटे बाद तालाब से मासूम का शव बरामद किया। शव के मिलने तक एसडीएम धौलाना विवेक कुमार यादव, सीओ पिलखुवा वरूण मिश्रा व अन्य अधिकारी मौके पर डेरा डाले रहे। ग्रामीणों ने मामले में पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की अधिकारियों से मांग की है।
धौलाना विकास खंड क्षेत्र के गांव मीरपुर गढी निवासी कलजीत सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव स्थित तालाब में बत्तख है, रोजाना सुबह के समय छोटे-छोटे बच्चे उनके साथ पत्थर मार खेलते हैं। इसी के चलते रविवार सुबह करीब 11 बजे बच्चे बत्तखों के साथ खेल रहे थे।
इसी बीच कलजीत सिंह का चार वर्षीय हिमांशु बत्तख को पत्थर मारते-मारते तालाब किनारे पहुंच गया, जिससे मासूम का पैर फिसल गया और तालाब में डूब गया। अन्य बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने तालाब में कूदकर बच्चे को बचाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। तालाब काफी गहरा होने के कारण मासूम नीचे पानी में बैठ गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। मामले की सूचना पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंच हापुड़ और गढमुक्तेश्वर से गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों ने दोपहर साढे तीन बजे तालाब से शव बरामद किया। घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
एसडीएम विवेक कुमार ने बताया कि हापुड़ और गढमुक्तेश्वर के गोताखोरों की मदद से मासूम बच्चे के शव को तालाब से बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। गोताखोरों के मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बरामद करने में करीब साढ़े चार घंटे का समय लगा है।