हमीरपुर। दो दिन हुई बारिश से कई गांवों के रपटा पुलों के ऊपर से पानी बहने से कस्बे व आसपास से संपर्क कटा है। कम्हरिया गांव पूरी तरह जलमग्न है। यहां का ब्रिटिश कालीन बंधा पूरी तरह पानी से लबरेज है। गांव की गोशाला में पानी भरने से गायों का भूसा चारा नष्ट हो गया है। वहीं 70 गोवंश को ऊंचाई के स्थान पर ले जाया गया है।
प्रसिद्ध मस्तान शाह दरगाह मैदान में पानी भर गया है। हजरत बदरुद्दीन शाह के मजार व मस्जिद के आसपास भी जलभराव से निकट की बस्ती प्रभावित है। कई मकानों के अंदर पानी घुस गया। साथ ही फसल बोए खेतों में पानी भर गया है। क्षेत्र के मांचा, पिंपरौंदा, पाटनपुर, असुई, ढुनगवां, मसगवां आदि गांवों के लोग जलभराव से अधिक प्रभावित हुए हैं। प्रधान प्रतिनिधि जलालुद्दीन ने बताया कि लाखों रुपये की क्षति हुई है। बोए गए खेतों में पानी भर जाने से उन्हें पुन: बुवाई करानी पड़ेगी। वहीं क्षेत्र में मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया ने बताया कि मकान गिरने के आंकलन का काम गुरुवार से शुरू कराया जाएगा। लोगों की बोई गई फसलों बर्बाद हुई है, जिससे बेहद कष्ट है।