अतर्रा। रघुनाथ भवन में चल रही रामलीला के चौथे दिन शुक्रवार देर रात नगर दर्शन और पुष्प वाटिका प्रसंग का भावपूर्ण मंचन हुआ। प्रभु श्रीराम के मनोहारी स्वरूप, लक्ष्मण के भाई प्रेम और श्रीराम-सीता के दर्शन ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
श्री रामचरित मानस समाज की ओर से आयोजित लीला में महर्षि विश्वामित्र के साथ श्रीराम और लक्ष्मण के मिथिला पहुंचने का प्रसंग दिखाया गया। नगर दर्शन के दौरान दोनों राजकुमारों के दिव्य और सौम्य स्वरूप को देखकर नगरवासी मुग्ध हो गए। कमेटी के महंत ताराचंद्र तिवारी ने बताया कि महर्षि विश्वामित्र की भूमिका बबलू गर्ग, जनक की कमलेश, श्रीराम की मोनू, सीता की पुष्पेंद्र तिवारी और लक्ष्मण की भूमिका सचिन ने निभाई। अध्यक्ष कालका प्रसाद शिवहरे, आचार्य शिवम दीक्षित, बब्बू चौरिहा, सभासद सुधाकर द्विवेदी, कमलेश पटेल, मोनू दुबे आदि मौजूद रहे।