राठ। सिंचाई की समस्या, ऋण माफी आदि मुद्दों पर भाकियू ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह को सौंपते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की। यूनियन के बुंदेलखंड महासचिव रामपाल सिंह चिकासी ने कहा सिंचाई के सस्ते साधन न होने पर क्षेत्र का किसान बदहाल है। प्रधानमंत्री फसल बीमा का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में निजी नलकूपों के बिजली बिल माफ करने, सरकारी नलकूपों व नहर से सिंचाई पर वसूली बंद करने, दलहन की खरीद समर्थन मूल्य पर करने, बुंदेलखंड के सभी किसानों के ऋण माफ किए जाने व उनके पुत्र-पुत्रियों के आय प्रमाणपत्र बनाए जाने की मांग की है। बीमा प्रतिनिधि नियुक्त कर फसल बीमा का लाभ दिलाने व सूखा राहत राशि दिलाने जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश बाबू, ब्लाक अध्यक्ष कमलापत लोधी चिल्ली, किसान नेता रामसनेही राजपूत, करन सिंह, अनिल कुमार, प्रेमचंद्र, नरेंद्र सिंह, केशपाल सिंह, राजू आदि रहे। (संवाद)