फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gonda News ›   Strong sunlight started troubling health, 227 fell ill

Gonda News: सेहत को सताने लगी तेज धूप, 227 बीमार

Fri, 22 May 2026 11:44 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा Updated Fri, 22 May 2026 11:44 PM IST
विज्ञापन
Strong sunlight started troubling health, 227 fell ill
बच्चों ने ट्यूबवेल में नहाकर गर्मी से पाई निजात।
गोंडा। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह आठ बजे के बाद ही धूप में निकलना मुश्किल हो रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पारे में बढ़ोतरी के साथ ही सेहत पर भी असर पड़ने लगा है। इस वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई।
विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे से शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक जिले की सीएचसी और पीएचसी में गर्मी जनित बीमारियों से पीड़ित 204 मरीजों का उपचार किया गया। मेडिकल कॉलेज में 23 मरीज पहुंचे। इनमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल रहे।
विज्ञापन

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। नगर पालिका की ओर से शहर में वाटर फॉगिंग कराई गई ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। कई लोग नहरों और ट्यूबवेलों पर नहाकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते नजर आए।
विज्ञापन
विज्ञापन


सभी अस्पतालों में बनेंगे ओआरएस कार्नर : सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी अस्पतालों में ओआरएस कॉर्नर बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों को खुले में बिकने वाले कटे फल, चाट-पकौड़े और बासी भोजन से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अत्यधिक जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। अधिक से अधिक पानी पिएं और तरबूज, खरबूजा जैसे मौसमी फलों का सेवन करें। अचानक तेज बुखार, उल्टी या लू लगने के लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें। आपात स्थिति में स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 7398999705 पर संपर्क किया जा सकता है।

दवा काउंटर पर चक्कर खाकर गिरी तीमारदार

मेडिकल कॉलेज में दोपहर के समय दवा काउंटर पर मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेज धूप में लंबी लाइन में खड़ी रुबीना अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ीं। वह अपनी सास की दवा लेने के लिए लाइन में लगी थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और छांव में बैठाया। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने लाइन को छायादार स्थान पर लगवाया।

भीषण गर्मी से कारोबार पर असर, बाजारों में घटी ग्राहकों की भीड़
गोंडा। गर्मी का असर अब कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में खरीदारी 30 से 40 फीसदी तक कम हो गई है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। शहर के प्रमुख बाजारों, स्टेशन रोड, चौक, गांधी पार्क, पटेल नगर और बड़गांव क्षेत्र में दिन के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आता है। दुकानदारों का कहना है कि दोपहर में ग्राहक लगभग न के बराबर पहुंच रहे हैं। शाम पांच बजे के बाद ही बाजारों में कुछ रौनक लौटती है।

व्यापारी सोनू का कहना है कि हर साल गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार लगातार पड़ रही तेज गर्मी ने कारोबार पर बड़ा असर डाला है। रेडीमेड कपड़ा, जूता-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक और घरेलू सामान की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है। फल का कारोबार कर रहे वारिस का कहना है कि खरीदार कम आने से बिक्री घट गई है, जबकि तेज गर्मी के कारण फल और सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं। इससे नुकसान बढ़ता जा रहा है।


सब्जी विक्रेता रमेश गुप्ता ने बताया कि पहले जहां दिनभर में कई बार माल निकल जाता था, वहीं अब काफी सामान बच जा रहा है। चाट-नाश्ते के कारोबार पर भी असर पड़ा है। दिन में ग्राहक कम पहुंच रहे हैं और अधिकांश लोग शाम के बाद ही बाहर निकल रहे हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि दोपहर में ग्राहक कम होने से बिक्री प्रभावित हुई है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed