गोंडा। केंद्र सरकार के रेलवे के निजीकरण विरोध में ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर एनई रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। संयुक्त कार्यालय के सामने कर्मचारी एकत्र हुए और उपवास रखते हुए विरोध जताया।
बुधवार को यूनियन के पदाधिकारियों ने लोको शेड के सामने एक सभा की। जिसमें एनई रेलवे मजदूर यूनियन के केंद्रीय संगठन मंत्री राम नगीना ने कहा कि वर्तमान सरकार मजदूर विरोधी है। कहा कि धीरे-धीरे रेलवे को निजीकरण की तरफ ले जा रही है।
इसी क्रम में शाखा मंत्री आरएस मिश्रा ने कहा कि रेलवे के निजीकरण तथा रेलवे की खाली जमीन को लीज देने की सरकार की मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए चाहे जो लड़ाई लड़नी पड़े। इस मौके पर मोहम्मद फरहान, विनोद कुमार श्रीवास्तव, शाहिद अली, मोहम्मद आमिर सिद्दीकी, योगेश शर्मा, संजय मिश्रा, अनिल पाठक व पीके श्रीवास्तव मौजूद रहे।(संवाद)