'बंटी-बबली' जैसी कहानी: पत्नी के साथ ठगी को अंजाम देता है गाजीपुर का ये शख्स, पुलिस के लिए बना सिरदर्द
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी समेत कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से ठगी करने वाले गाजीपुर के गोड़ऊर निवासी उपेंद्र राय के खिलाफ कोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस ने दबिश और गिरफ्तारी शुरू कर दी है।
विस्तार
ठगी और फर्जीवाड़े को काफी चतुराई से अंजाम देने वाला उपेंद्र राय करीमुद्दीनपुर और लखनऊ पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। पत्नी के साथ घटना को अंजाम देने वाले शातिर तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच सके हैं। वह मुंबई निवासी एख कारोबारी को इलेक्ट्रिक बसों की सप्लाई का काम दिलाने के एवज में 52 लाख रुपये और एक रिटायर्ड आईएएस को भी जाल में फंसाकर वारदात को अंजाम दे चुका है।
हालांकि करीमुद्दीपुर पुलिस शातिर के वारदात में शामिल उसके पिता प्रदीप राय को बिहार से और साली सृष्टि राय को बलिया से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। गोड़ऊर गांव निवासी उपेंद्र राय ने करीब 10 वर्ष पूर्व ठगी के क्षेत्र में कदम रखा और एक के बाद एक शिकार बनाता गया।
पहले ठगी फिर करता दादागिरी
पुलिस उसको गिरफ्तार करने में सफल नहीं हो सकी और उसका हौसला बढ़ता गया। उसने कई कारोबारियों के साथ एक इंस्पेक्टर और एक रिटायर्ड आईएएस अफसर को भी चूना लगाया। वह अपनी पत्नी को साथ लेकर पहले ठगी का जाल बुनता है फिर पिता के साथ मिलकर पीड़ितों के खिलाफ दादागिरी पर उतर जाता है। उसने मुंबई के रहने वाले एक कारोबारी राहुल शर्मा से इलेक्ट्रिक बसों की सप्लाई का काम दिलाने के एवज में 52 लाख रुपये की ठगी की।
पढ़ें: वाराणसी के चर्चित बिल्डर के आवास पर हुई थी पूर्व DIG के बेटे की हत्या
उपेंद्र की जालसाजी का शिकार सिर्फ ऐसे ही लोग नहीं हुए हैं जिन्हें अपना व्यवसाय बढ़ाना था बल्कि उसने आईजी दफ्तर में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को भी ठग लिया। इस संबंध में करीमुद्दीनपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि उपेंद्र राय, उसकी पत्नी मयूरी राय, साली सृष्टि राय, पिता प्रदीप राय के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज हैं।
वहीं मुहम्मदाबाद सीओ के यहां उपेंद्र राय, पिता प्रदीप राय, पत्नी मयूरी राय और मां बृंदा राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज हैं। शातिर ठग के पिता प्रदीप राय और उसकी साली सृष्टि राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।
उपेंद्र के पास बीएमडब्ल्यू, ऑडी और फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां
उपेंद्र राय के पास बीएमडब्ल्यू, ऑडी और फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां हैं। सूत्रों के मुताबिक उपेंद्र बेहद महंगे कपड़े पहनने का भी शौकीन है। वह देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से अपने जैकेट, शर्ट और जूते मंगाता रहता है। न्यायालय ने कुर्की के लिए नोटिस चस्पा का आदेश करीमुद्दीनपुर पुलिस को दी है। पुलिस उसके घर गोड़ऊर में 82 की नोटिस चस्पा करेगी। हाजिर नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई करेगी।
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी का हड़पा पैसा
गाजीपुर का उपेंद्र लखनऊ के गोमती नगर में किराए पर फ्लैट लेकर रहता था, जिससे अपने कारनामों को आसानी से अंजाम दे सके। इस बीच उसका परिचय एक रिटायर्ड आईएएस से हो गया। अफसर ने अपनी ग्रेच्युटी और दूसरे मद के पैसे उपेंद्र को इस विश्वास से दे दिए कि वह कारोबार में लगाकर लाभांश देगा, लेकिन उपेंद्र ने उनका पैसा हड़प लिया।