गाजीपुर। नेहरू स्टेडियम में नियमित अभ्यास के लिए आने वाले खिलाड़ियों के लिए अब पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत पंजीकृत खिलाड़ियों को खेल साथी पोर्टल पर पंजीकरण कराने के बाद पहचान पत्र डाउनलोड करना होगा। खेल विभाग की इस नई व्यवस्था से अपंजीकृत खिलाड़ियों के अवैध रूप से प्रवेश पर रोक लगेगी।
खेल निदेशालय की ओर से जिला खेल कार्यालय के माध्यम से संचालित नेहरू स्टेडियम में विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। स्थानीय स्टेडियम में भी कई खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अक्सर यह देखा जा रहा है कि स्टेडियम में आने वाले खिलाड़ियों में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनका विभागीय रूप से पंजीकरण नहीं है। इसे देखते हुए खिलाड़ियों के पंजीकरण और पहचान पत्र की व्यवस्था लागू की गई है। जिला क्रीड़ाधिकारी देवी प्रसाद ने बताया कि स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण और पहचानपत्र होना जरूरी है। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद खिलाड़ी का पहचान पत्र खेल साथी पोर्टल से स्वत: जेनरेट होगा, जिसे खिलाड़ी पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे। 18 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों तथा 18 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों के लिए शासन की ओर से वार्षिक शुल्क निर्धारित है। पंजीकरण के दौरान निर्धारित विभागीय शुल्क ऑनलाइन ही जमा करना होगा। नई व्यवस्था से स्टेडियम में नियमित आने वाले खिलाड़ियों का रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रहेगा।