जमानिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमानिया में सोमवार सुबह स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए किए गए औचक निरीक्षण में 14 कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। निरीक्षण सुबह 9:15 बजे किया गया। कर्मचारियों के गैरहाजिर मिलने पर प्रभारी अधीक्षक डॉ. रुद्रकांत सिंह ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। प्रभारी अधीक्षक डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों में चपरासी राजेश, बिहारी लाल, अमित तिवारी और अंकित सिंह, वार्ड बॉय विकास कुमार, हरि नारायण और अभिषेक तिवारी, वार्ड आया सरिता पांडे, दाई सुनीता कुमारी, स्टाफ नर्स जीनियस सीजर, मल्टीपर्पज वर्कर प्रेम प्रकाश, सपोर्टिंग स्टाफ कामेश्वर सिंह, अब्दुल्ला खां और ओटी सपोर्टिंग स्टाफ सुरेश रावत शामिल हैं।उन्होंने बताया कि सभी से निर्धारित समय में स्पष्टीकरण मांगा गया है। उचित जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ कड़ी कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर कसेरा पोखरा स्थित खुशी नर्सिंग होम को भी नोटिस जारी किया गया है। संचालक को अस्पताल से जुड़े सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर तहरीर देकर नर्सिंग होम को सीज कराने की कार्रवाई की जाएगी।