Ghazipur: मुख्तार के गुर्गे को छुड़ाने के लिए बोला था थाने पर धावा, ग्राम प्रधान सहित पांच गिरफ्तार
माफिया मुख्तार अंसारी के खास गुर्गे अमित राय को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीमुद्दीनपुर थाने में रखा। अमित को छुड़ाने के लिए 100 से अधिक लोगों ने थाने पर धावा बोल दिया था। रविवार को पुलिस ने अपराधी अमित के पिता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
विस्तार
गाजीपुर जिले के टॉप-टेन अपराधी और माफिया मुख्तार अंसारी के सहयोगी एवं आईएस- 191 के सक्रिय सदस्य अमित राय को करीमुद्दीनपुर थाने से छुड़ाने के प्रयास के मामले में पुलिस नामजद आरोपियों की धर-पकड़ तेज कर दी है। पुलिस ने रविवार को जोगा मुसाहिब गांव में दबिश दी। इस दौरान अपराधी के ग्राम प्रधान पिता रामप्रवेश सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी हुई है।
न्यायालय के वारंट पर पुलिस अपराधी अमित राय को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बीते 23 जून को लौवाडीह अंडर पास से घेराबंदी करके अमित राय को धर-दबोचा था। जानकारी होने पर देर रात अपराधी के पिता के साथ समर्थक उसे छुड़ाने के लिए थाने पर लाठी-डंडे और ईंट- पत्थर से लैस होकर पहुंच गए थे।
पुलिस ने लाठीचार्ज कर उसके समर्थकों को खदेड़ा था। इस मामले में थानाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अपराधी के पिता रामप्रवेश राय सहित आठ के खिलाफ नामजद और 100 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों को दबोचने और अज्ञातों को चिन्हित करने के लिए थानाध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने पुलिस के साथ गांव में दबिश दी।
ये भी पढ़ें: मुख्तार अंसारी के खास गुर्गे को छुड़ाने के लिए समर्थकों ने बोला थाने पर धावा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
इस दौरान अपराधी के पिता ग्राम प्रधान रामप्रवेश राय, देवरिया गांव निवासी रिशु तिवारी उर्फ अंबुज, मुन्नी देवी, उमरावती और मीना को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कुछ और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
गाजीपुर एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि अपराधी अमित राय के पिता सहित पांच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अन्य को चिन्हित करने का कार्य चल रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।