यूपीः हाईकोर्ट के जज के नाम पर पुलिसकर्मी से मांग रहा था रुपये, गाजीपुर पुलिस ने पकड़ा
लखनऊ निवासी एक आरोपी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के नाम पर फर्जी आईडी से गाजीपुर में नियुक्त एक पुलिसकर्मी से शिकायत मैनेज करने के नाम पर रुपये मांग रहा था। पुलिस ने उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
यूपी के गाजीपुर जिले की पुलिस ने उच्च न्यायालय के जज के नाम पर पुलिसकर्मी से पैसे मांगने के आरोपी को शुक्रवार दोपहर लंका मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसपी रामबदन सिंह ने पुलिस लाइन में मीडिया को बताया कि लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र निवासी अभियुक्त तौसीफुल हक जिले में नियुक्त निरीक्षक रहमतुल्लाह खां के मोबाइल नंबर पर पिछले कुछ दिनों से फोन कर एक लाख 30 हजार रुपये मांग रहा था।
उसने फर्जी मेल आईडी से उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की ओर से निरीक्षक रहमतुल्लाह खां की फर्जी शिकायतों का मेल उच्चाधिकारियों को भेजा था और इसी को मैनेज करने के नाम पर वह बार बार रहमतुल्लाह से रुपये मांग रहा था । साथ ही पैसे न देने पर कार्रवाई की धमकी दे रहा था। रहमतुल्लाह खां ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
इसके बाद स्वाट, सर्विलांस टीम प्रभारी को मामले से अवगत कराया। बताया कि अभियुक्त रुपये लेने के लिए लंका बस स्टैंड के पास आने वाला है। इसके बाद रहमतुल्लाह लंका बस स्टैंड पर पहुंचे और अभियुक्त की कार के पास पहुंच कर बातचीत करने लगे। इसी दौरान स्वाट टीम ने उसे दबोच लिया।
नौकरी जाने का भय दिखाकर वसूलता था पैसे
तलाशी में उसके पास दो मोबाइल फोन और सिम बरामद हुए, जिनका वारदात में उपयोग किया गया था। एसपी ने बताया कि पूछताछ में तौसीफुल हक ने कबूल किया कि वह फर्जी आईडी बनाकर फर्जी नंबर लेकर उच्चाधिकारियों को मेल कर नौकरी करने वाले लोगों को नौकरी जाने का भय दिखाकर पैसे वसूलता था।
जो पैसा नहीं देते थे। उनके खिलाफ लगातार शिकायतों के मेल भेजता था। वह ऐसे मामलों में दिल्ली, लखनऊ और अयोध्या में जेल जा चुका है। अभियुक्त का चालान कर दिया गया।