गाजीपुर। अंधऊ बाईपास पर बने गड्ढों को मंगलवार को ग्रामीणों ने श्रमदान कर भरा। विवेक कुमार सिंह शम्मी ने बताया कि सात वर्षों से सड़क के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही है, लेकिन स्थिति जस की तस है। शम्मी ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए करीब छह करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। जिस ठेकेदार को काम मिला था, उसके धनराशि सरेंडर करने के बाद निर्माण आगे नहीं बढ़ सका। बाईपास से करीब 20 गांव जुड़े हैं और प्रतिदिन लगभग 50 हजार लोगों का आवागमन होता है। अब जगह-जगह गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। श्रमदान में मनोज सिंह, राहुल राय, सूरज, मनीष, अजय, अनिल, इंदीवर, इमरान और प्रदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।