गाजीपुर में किसान की हत्या: सोते समय सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से किया वार, दीवारों पर थे खून के छींटे
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में एक वृद्ध की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव के पास बने कटरे के बरामदे में शुक्रवार की रात चौकी पर सो रहे किसान के चेहरे व सिर पर धारदार हथियार से वारकर अज्ञात हत्यारों ने हत्या कर दी। किसान के सिर, ललाट, चेहरे और आंख पर कई वार थे। यहीं नहीं दीवारों पर खून के छींटे पड़े थे। बड़े पुत्र ने गांव के ही पांच लोगों पर पूर्व में हुए झगड़े और कहासुनी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। फिलहाल पुलिस ने तीन संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
इसे भी पढ़ें; यूपी में युवक की हत्या: साथ में बैठकर दो दोस्त कर रहे थे बात, अचानक शुरू हुई बहस; चाकूबाजी में गई एक की जान
क्या है मामला
नेवादा गांव निवासी रामबचन ठाकुर (57) हरदासपुर गांव स्थित कटरे में रहकर खेती काम देखते थे। रात में प्रतिदिन की तरह घर से भोजन आने के बाद खाकर कटरे के बरामदे में चौकी पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। सुबह करीब पांच बजे गांव के ग्रामीण टहलने के निकले, जैसे ही वह कटरे के पास पहुंचे तो सड़क खून आसपास फैले खून को देखकर शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और देखा कि चौकी पर खून से लथपथ रामबचन मृत अवस्था में पड़े हुए हैं।
सिर से लेकर चेहरे पर धारदार
हथियार के कई निशान थे और खून के छींटे आसपास के दीवारों पर पड़े हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। हत्या की जानकारी होते ही एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर भी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और छानबीन करने के साथ मातहतों को दिशा- निर्देश दिया।
शव को कब्जे में लेकर पुलिस टीम छानबीन में जुटी हुई है। मृतक के बड़े पुत्र की ओर से मिली तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों से बातचीत कर हत्या के कारणों की तलाश करने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। -अतुल कुमार सोनकर, एएसपी ग्रामीण