गाजीपुर। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान पर अंडर-23 शारदा नारायण हॉस्पिटल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित है। शनिवार को दूसरा सेमीफाइनल डायमंड अकादमी और द बॉयज वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें अकादमी की टीम ने 32 रन से जीत दर्जकर खिताबी मुकाबले के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
डायमंड अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने राजू यादव के 44 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 140 रन बनाए। द बॉयज वाराणसी की तरफ से माधवेन्द्र सिंह ने तीन, आशीष कुमार यादव ने दो एवं विवेक कुमार, प्रिंस और कप्तान मयंक जयसवाल ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य के जवाब में उतरी वाराणसी की टीम 19वें ओवर में 108 रनों पर सिमट गई। कप्तान मयंक जायसवाल ने 36 रन बनाए। डायमंड अकादमी की तरफ से कप्तान अयान इश्तियाक ने तीन एवं आलोक, आदित्य ने दो-दो तथा मो. सद्दाम और मो. अरबाज़ ने एक-एक विकेट लिया। आज के मैच के अंपायर स्मृति राय एवं अभिनव कुमार तथा राहुल, आयुष एवं कुशाग्र ने स्कोरर की भूमिका निभाई। अंत में डायमंड अकादमी के कप्तान अयान इश्तियाक को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। फाइनल डायमंड अकादमी एवं सीपीसी सुपर किंग्स के बीच सोमवार को होगा।