UP: रोजगार की तलाश में कर्नाटक गया था दीनबंधु, मशीन गिरने से चली गई जान; शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
Ghazipur News: रोजगार की तलाश में कर्नाटक गए दीनबंधु की मशीन गिरने से मौत हो गई। वह एक माह पहले अपने छोटे भाई के साथ नौकरी करने गया था। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विस्तार
परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए एक माह पहले कर्नाटक गए युवक की औद्योगिक हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बृहस्पतिवार को जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
बड़े भाई जयप्रकाश यादव ने बताया कि तिलवां गांव निवासी 26 वर्षीय दीनबंधु यादव कर्नाटक के नरसीपुरा स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करते थे। उनके बड़े भाई जयप्रकाश यादव ने बताया कि दीनबंधु छह भाइयों में पांचवें थे और करीब एक माह पहले छोटे भाई शैलेंद्र के साथ रोजगार की तलाश में कर्नाटक गए थे। मंगलवार रात कंपनी में काम के दौरान अचानक भारी मशीन उनके ऊपर गिर गई। हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। छोटे भाई शैलेंद्र हवाई मार्ग से शव को वाराणसी लेकर पहुंचे, जहां से एंबुलेंस के जरिए शव पैतृक गांव तिलवां लाया गया।
दीनबंधु का शव गांव पहुंचते ही पत्नी नेहा, मां हीरा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़े भाई जयप्रकाश यादव ने बताया कि परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए दीनबंधु घर से दूर नौकरी करने गए थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह इस तरह लौटेंगे।
दीनबंधु की शादी करीब छह वर्ष पहले सोनाडी गांव निवासी नेहा से हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां आर्या व शिया हैं। रामपुर गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़े भाई जयप्रकाश यादव ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे। परिवार का कहना है कि कमाने वाले सदस्य की असामयिक मौत से उनके सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।