{"_id":"5a92f0d34f1c1b28428b7554","slug":"91519579347-ghazipur-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"घंटों बती गुल होने से परेशान रहे उपभोक्ता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घंटों बती गुल होने से परेशान रहे उपभोक्ता
Updated Sun, 25 Feb 2018 10:52 PM IST
विज्ञापन
होली पर्व के मद्देनजर रविवार को अंधऊ विद्युत उपकेंद्र पर मरम्मत का कार्य होने से प्रकाशनगर, पीरनगर, रौजा, लोटन ईमली विद्युत उपकेंद्र से संबंधित फीडरों की आपूर्ति लगातार पांच घंटा ठप रही। इससे पूरे शहर की बिजली पांच घंटे तक गुल रही। रविवार होने के कारण अधिकारियों ने आज ही के दिन मरम्मत करवाना शुरू किया। हालांकि इसकी सूचना लोगों को नहीं दी गई। पीरनगर विद्युत उपकेंद्र पर फाल्ट होने और मेन सप्लाई बंद होने से इस उपकेंद्र से जुड़े लोगों को नौ घंटा बिजली कटौती का संकट झेलना पड़ा। लगातार घंटों बत्ती गायब होने से उपभोक्ताओं का तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। पीरनगर विद्युत उपकेंद्र पर सुबह करीब छह बजे ब्रेकर का रिले जल गया। इससे कचहरी, पत्थरघाट और ददरीघाट फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। बिजली कटते ही लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पानी का संकट खड़ा हो गया। लोग अब-तब बिजली आने का इंतजार करने लगे। दिन में 10 बजे आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन एक घंटे बाद ही 11 बजे मेन सप्लाई बंद हो गई। इससे रौजा, प्रकाशनगर, पीरनगर के साथ ही लोटन ईमली विद्युत उपकेंद्र से संबंधित सैकड़ों मुहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई। काफी देर बाद भी जब आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो जिनके पास संबंधित अधिकारियों या उपकेंद्र का मोबाइल नंबर था, वह यह पता लगाने में जुट गए कि बिजली कब तक आएगी। बिजली पर आधारित कारोबारी अब-तब बिजली आने के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। जिन लोगों के पास जेनरेटर की सुविधा थी, उन्हें सैकड़ों का डीजल फूंकना पड़ा। चार्ज न होने की वजह से अधिकांश लोगों के इनवर्टर शोपीस बन गए। शाम को पांच घंटे बाद चार बजे बिजली आई, तब लोगों ने राहत की सांस ली। जबकि फाल्ट और मेन सप्लाई बंद होने से पीरनगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को नौ घंटा बिजली का संकट झेलना पड़ा। पीरनगर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ सुरेश कुशवाहा ने बताया कि सुबह ब्रेकर रिले जल जाने से कचहरी, पत्थर घाट और ददरीघाट फीडर की आपूर्ति बंद हो गई। फाल्ट को ठीक कर दस बजे सप्लाई शुरू की गई। इसके बाद 11.5 से 4 बजे तक मेन सप्लाई बंद रही। प्रकाश विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ कमलेश ने बताया कि दिन में 11.5 से शाम चार बजे तक मेन सप्लाई बंद थी।
विज्ञापन