फिरोजाबाद। साइबर क्राइम सेल और थाना साइबर पुलिस ने फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी में प्रयुक्त भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य और नकदी बरामद की है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि साइबर ठग अवधेश कुमार निवासी ग्राम पुरा, हाथरस व हाल निवासी (मामा का घर) बिल्टीगढ़, मक्खनपुर और सनीवेश अवस्थी निवासी गली नंबर-8 महावीर नगर, दक्षिण व कुनाल उपाध्याय निवासी डॉ. बीना जैन के क्लिनिक के पीछे, फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया है। ये शातिर ठग फेसबुक पर धनी फाइनेंस के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाते थे और लोगों को 5 लाख तक का लोन दिलाने का झांसा देते थे। ठगी का तरीका बेहद शातिर था। जैसे ही कोई व्यक्ति विज्ञापन देख संपर्क करता, ये लोग प्रोसेसिंग फीस और रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे मंगवाते थे। इन रुपयों को म्यूल बैंक अकाउंट्स (दूसरों के खातों) में ट्रांसफर कर एटीएम के जरिए निकाल लिया जाता था। संवाद