शिकोहाबाद। बिना नक्शा पास कराए विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण (विप्रा) ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में खलबली मच गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
किशनपुर रोड स्थित सैय्यद क्षेत्र के समीप मिथलेश फौजी, शत्रुधन और अन्य लोगों की ओर से करीब 1500 वर्ग मीटर भूमि पर बिना स्वीकृत नक्शे के अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मामले की शिकायत और जांच के बाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने पांच दिसंबर को ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए थे। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे विप्रा सचिव विनोद कुमार पांडेय के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण व प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अकरमुद्दीन, राकेश तौमर, जेई प्रदीप कुमार, जेई धनेश कुमार, जेई बेअंत सिंह सहित प्राधिकरण का स्टाफ मौजूद रहा।