न होगी दाल न लगेगा प्याज का तड़का
आसमान छूते दामों से थाली से दाल तो गायब ही हो गई, तड़का लगाने को प्याज भी पहुंच से दूर हो गया। करीब एक महीने में दालों के दाम डेढ़ गुना हो गए हैं, वहीं नासिक की सबसे बड़ी प्याज मंडी में भी एक दिन में भाव 400 से 450 रुपये प्रति क्विंटल उछल गए। हालत यह है कि खुदरा बाजार में प्याज 60 से 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। उधर 80-90 रुपये प्रतिकिलो बिकने वाली अरहर की दाल अब 140-150 प्रति किलो बिक रही हैं। यही हाल अन्य दालों के हैं। कस्बा निवासी मैकू, भगवानदीन रामसजीवन, लल्लू, मोहनलाल, महेश, रामजियावन ने बताया कि महंगाई के कारण दाल पकना तो बंद ही है, अब सब्जी में स्वाद के लिए प्याज की खरीद मुश्किल साबित हो रही है। दुकानदार अजय जायसवाल, दशरथलाल और जगदीश ने बताया कि दालों की महंगाई से बिक्री बहुत कम है। जो ग्राहक एक से दो किलो दाल लेते थे अब वही ग्राहक 250 ग्राम खरीद रहे हैं।
इंसेट
मंडियों में प्याज व लहसुन की आवक हुई कम
प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। मंडी में प्याज 50 से 60 रुपये किलो की दर से थोक में बिक रही है। खुदरा बाजार में भी प्याज 80 रुपये किलो बिक रही है। सब्जी विक्रेताओं की माने तो प्याज की कीमत में अभी और उछाल आ सकता हैं। लहसुन व प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। दुकानदार रामबाबू ने बताया कि सभी सब्जियों में सबसे ज्यादा प्याज के दाम में उछाल आया है। थोक सब्जी मंडी से प्याज के साथ लहसुन भी गायब होने लगा है। खुदरा बाजार में लहसुन भी 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। आढ़ती संघ के शफीक ने बताया कि मंडी में प्याज व लहसुन की आवक कम है। अभी एक महीने तक प्याज के भाव बढ़ने की संभावना है।