अमौली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश भर में मचे हो हल्ला के बाद भाजपाइयों का जनता के बीच पहुंचना शुरू हो गया है। गुरुवार, अमौली ब्लाक के कई गांव का भ्रमण कर जिला पंचायत सदस्य जयंती वर्मा ने जनता को कानून के फायदे गिनाए। कहा कि किसी की नागरिकता छीनने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। भाजपा जो काम कर रही है, उसे विपक्षी पार्टियां बेवजह मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह करना चाहती हैं।
क्षेत्र के चिल्ली, घनश्यामपुर, लहुरी सरांय, बंथरा, बिरनई गांव में भाजपाइयों ने क्लास लगाई। चौपाल में जुटे ग्रामीणों को नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जागरूक किया। जिला पंचायत सदस्य जयंती वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा साफ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए गए फैसलों पर जनता को नाज है। राजनीतिक फायदे के लिए लोग इस विधेयक के बारे में समाज को गुमराह कर रहे हैं। इस मौके पर साहब सिंह, कृष्ण गोपाल शास्त्री, देवेंद्र, संतोष कुमार, सुरेंद्र कुमार, गौरी शंकर भी मौजूद रहे।