{"_id":"cd0a3833412f9ecb1978cdd2a89e68bd","slug":"madame-rose-dm-re-so-close-to-loot-and-plunder-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘डीएम मैडम रोज आएं तो लूट खसोट बंद हो जाए’ ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
‘डीएम मैडम रोज आएं तो लूट खसोट बंद हो जाए’
अमर उजाला ब्यूरो फतेहपुर
Updated Fri, 21 Aug 2015 12:37 AM IST
विज्ञापन
बिना सुविधा शुल्क नलकूप कनेक्शनों के लिए सामग्री व ट्रांसफार्मर न मिलने की शिकायतों पर डीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया है। गुरुवार को जिलाधिकारी पुष्पा सिंह ने मुराइनटोला स्थित विद्युत भंडारगृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ट्रांसफार्मर के लिए भटक रहे किसानों की समस्याएं सुनी और सभी किसानों को बारी बारी से ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए। इस दौरान किसान यही कहते रहे कि काश डीएम मैडम रोज भंडार गृह आएं तो बिजली कर्मचारियों की लूट खसोट बंद हो जाए।
विज्ञापन
गुरुवार को जिलाधिकारी मुराइनटोला स्थित विद्युत भंडार गृह पहुंची और वर्कशाप, कार्यालय आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीओ भंडार अनुपस्थित मिले। उन्होंने मौके पर मौजूद कंप्यूटर आपरेटर ऋषिकेश से नलकूप कनेक्शन और ट्रांसफार्मर वितरण की जानकारी मांगी। 2011 में आवेदन करने वाले किसानों को नलकूप कनेक्शन की सामग्री व ट्रांसफार्मर न वितरित किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने ट्रांसफार्मर लेने आए किसानों को बारी बारी से बुलाया और ट्रांसफार्मर दिलवाए। इस दौरान खागा तहसील के टेनी गांव निवासी किसान राजकुमार, शिव बहादुर सिंह निवासी टेनी, राघवेंद्र सिंह मझटेनी, सदानंद बरमतपुर, सुरेश प्रसाद आदि किसानों को ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और वितरण का विवरण समाचार पत्रों में प्रकाशित कराएं। किसान द्वारा यदि सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत आई तो जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान ट्रांसफार्मर मिलने पर किसान गदगद नजर आए।
विज्ञापन