{"_id":"5313bb3d71244873bb009adcfdd0e57d","slug":"grocery-businessman-and-his-was-elecuted-while-taking-out-dumped-water-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"करंट से किराना कारोबारी पिता-पुत्र की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करंट से किराना कारोबारी पिता-पुत्र की मौत
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
Updated Fri, 26 Jun 2015 12:26 AM IST
विज्ञापन
नवनिर्मित मकान के बेसमेंट में भरे पानी को निकालते समय किराना व्यापारी पिता-पुत्र की मौत हो गई। बेसमेंट में लगा टुल्लू पंप चोरी हो गया था। पानी में झूलते बिजली के तारों में प्रवाहित करंट हादसे की वजह बना। बेटा बीटेक का छात्र था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना शहर के लोधीगंज इलाके में गुरुवार सुबह हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा कस्बा निवासी किराना व्यापारी सुरेश चंद्र गुप्ता (55) ने कुछ दिन पहले लोधीगंज रोड पर मकान बनवाया है। बिल्डिंग के बेसमेंट में तीन दुकानें है। दुकानों में अचानक पानी भरने की खबर पर गांव से बुधवार को सभी लोग लोधीगंज वाले घर आए थे। घर के पीछे वाले दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था। वह सुबह करीब साढ़े आठ बेसमेंट में बेटे गोविंद (22) के साथ पानी निकालने गए थे। तभी पानी में उतरे करंट की चपेट में आ गए। पिता को तड़पता देखकर गोविंद बचाने के लिए पहुंच गया। वह भी करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा। इस बीच सुरेश चंद्र की पत्नी रेखा देवी ने चीख-पुकार मचाना शुरू कर दिया। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। आनन-फानन लोगों ने घर की बिजली आपूर्ति ठप कर दी। इसके बाद पिता पुत्र को गंभीर हालत में बाहर निकाला। उन दोनों को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि बेसमेंट में टुल्लू पंप लगा हुआ था। चोर पीछे का दरवाजा के ताला तोड़कर टुल्लू पंप चोरी कर ले गए थे। बिजली के झूलते तारों में करंट प्रवाहित था। नल खुला होने से पानी बेसमेंट में भर गया था। बिजली के लटकते तार से करंट फैला था। जिसकी चपेट में आने से परिवार के दो लोगों की जाने चली गई है। सूचना पर सीओ सिटी वंदना सिंह और कोतवाल आरएस सोनकर मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल में मृतक की पत्नी और बेटियों का हाल बेहाल रहा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर कार्रवाई की है।
विज्ञापन
‘टुल्लू की चोरी’ और उजाड़ गया परिवार
- जिसने सुना, यही कहा, ‘न टुल्पू पंप की चोरी होती, न परिवार की खुशियां छिनतीं’
- दो दिन पहले ताला तोड़कर की थी चोरी, दहाड़ें मारकर रोते बिलखते रहे परिजन
- बड़ा बेटा इलाहाबाद से बीटेक कर रहा था, दिन भर व्यापारियों का लगा रहा तांता
शहर के लोधीगंज इलाके की लोमहर्षक घटना के बारे में जिसने में भी सुना, यही कहा, ‘न टुल्पू पंप की चोरी होती, न परिवार की खुशियां छिनतीं’। चोरों ने टुल्लू खोलकर तारों को खुला छोड़ दिया था। उधर, नल का कनेक्शन हटने से बेसमेंट में पानी भर गया था। तारों में प्रवाहित करंट ने इतने बड़े हादसे को अंजाम दे डाला। देखते ही देखती हंसता-खेलता परिवार बिखर गया।
विज्ञापन
इलाका निवासी सुरेश चंद्र गुप्ता और उसके बेटे गोविंद की गुरुवार सुबह बेसमेंट में भरे पानी में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हुई है। परिवार के लोग गांव चले गए थे। इस दौरान ही घर में शातिरों ने टुल्लू चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद टुल्ल पंप की बिजली सप्लाई का तार भी जमीन पर छोड़कर चले गए थे। इससे पाइप लाइन में आने वाला पानी बेसमेंट में भर गया था। चोरी की खबर भी परिजनों के नहीं लग सकी थी। जब बेसमेंट में पानी भरने लगा तो टेंट की दुकान चलाने वाले किराएदार ने सुरेश चंद्र को जलभराव की सूचना दी थी। जलभराव की खबर पर परिवार बुधवार को आया था। उन्हें चोरी का अंदाजा ताला टूटा होने से लग गया था। लेकिन इसकी वजह से पानी में करंट उतर आने की बात पता नहीं थी। शातिरों की मामूली चोरी की घटना से परिवार के मुखिया और बड़े बेटे की जान ले ली। घटना से मृतक मुखिया की पत्नी रेखा देवी दहाड़ मारकर रोती बिलखती रही। बड़ा बेटा गोविंद इलाहाबाद से बीटेक कर रहा था। परिवार की उम्मीदें उस पर टिकीं थी। उसे पति और बेटे की मौत का सदमा लगा है। वह बार-बार बेहोश तक हो जाती रही है। वहीं मृतक के छोटे पुत्र आशीष और बेटी रमा का हाल-बेहाल रहा है। सूचना पर मृतक की विवाहित बेटियां गुंजन और रिंकी भी पहुंची थी। दिन भर व्यापारियों का तांता लगा रहा।
कोट्स
मृतक परिवार के लोगों ने टुल्लू चोरी की घटना की पहले जानकारी नहीं दी थी। तहरीर मिलती तो चोरों के खिलाफ कार्रवाई की जाती। परिवार के लोगों को पहले ही टुल्लू चोरी का पता चल गया था। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। अगर चोरी की तहरीर मिलेगी तो उस पर कार्रवाई होगी। - रामसूरत सोनकर-कोतवाल शहर