फतेहपुर। पटेल नगर चौराहे पर मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक यातायात माह के मौके पर चेकिंग अभियान चला। पुलिस ने ट्रैफिक को दुरुस्त करने के लिए चौराहे के चारो ओर बैरीकेडिंग लगाई। हालांकि बैरीकेडिंग सफल नहीं हो सकी। चौराहे से आईटीआई मार्ग पर जाम की स्थिति बनती रही। वहीं सीओ सिटी, एसडीएम, एआरटीओ ने ओवरलोडिंग का अभियान चलाया। चेकिंग में 75 मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक पकड़े गए।
चौराहे पर चेकिंग में भारी पुलिस फोर्स को देखकर लोग तरह तरह के हथकंडे अपनाते दिखे। हेलमेट लगाकर ट्रिपलिंग करने वाले चौराहे के पहले बाइक में पीछे बैठने वालों को उतार देते। चौराहा पार करने के बाद ट्रिपलिंग करते। पुलिस चेकिंग देखकर बाइक सवार गलियों का रास्ता नापते दिखे। पुलिस दौड़ाकर धरपकड़ करती दिखी। चेकिंग में 28 हजार पांच सौ रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पांच बाइकों को सीज किया गया। 312 वाहनों को ऑनलाइन चालान किया गया। ऑन लाइन में चालान में नंबर प्लेट की फोटो खींचने के बाद पुलिस कर्मी चालकों को जाने देते दिखे। चालकों को यह भी नहीं समझ आया कि उनका चालान हो गया है। चेकिंग में बाकरगंज चौकी इंचार्ज बिपिन यादव, मुराइनटोला चौकी इंचार्ज अनुरुद्घ दुबे, कचहरी चौकी इंचार्ज विंध्यवासिनी तिवारी, राधानगर चौकी इंचार्ज हेमेंद्र प्रताप सिंह, जेल चौकी इंचार्ज सत्य प्रकाश मौजूद रहे।