Fatehpur: व्हाट्सएप पर लगाए अश्लील फोटो, पीड़िता बोली- ब्लैकमेल कर मांगे दो लाख रुपये, दो युवकों पर रिपोर्ट
सदर कोतवाली क्षेत्र में व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो डालकर महिला को ब्लैकमेल किया गया। आरोपियों ने महिला से दो लाख रुपये की मांग की। साथ ही, जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में व्हाट्सएप पर महिला का अश्लील फोटो डालकर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फोटो वायरल न करने के एवज में दो लाख रुपये की मांग रखी है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी मोबाइल पर व्हाट्सएप चलाती है। व्हाट्सएप पर 11 जनवरी को दो मोबाइल नंबर से पत्नी की अश्लील फोटो भेजी गई। जानकारी पर पता लगा कि फोटो भेजने वाले मुराइनटोला निवासी आफाक और इब्राहिम हैं।
इसके बाद पत्नी को फोन कर दोनों ने फोटो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये रुपये की मांग की। दहशत में पत्नी ने रुपये भेजने का माध्यम पूछा। उन लोगों ने मुराइनटोला के इरशान राईन को रुपये भेजने के लिए स्कैनर भेजा।
इसकी सूचना पत्नी ने 1090 हेल्पलाइन में फोन कर शिकायत दर्ज कराई और दोनों नंबर ब्लॉक कर दिए। इसके बाद इब्राहिम और आफाक ने पत्नी के भाई और भतीजे के व्हाट्सएप पर वही फोटो भेजकर रुपयों की मांग की। दूसरे नंबर से पत्नी को फोन कर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद डरकर पत्नी ने पांच हजार रुपये भेज भी दिए। अब आफाक और इब्राहिम फिर फोन कर दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।