Farrukhabad: कांवड़ भरने आए तीन दोस्त डूबे, एक का शव बरामद...दो तेज बहाव में लापता, चौथा युवक भाग निकला
Farrukhabad News: नवनीत के छोटे भाई और अमन के चाचा विनोद कुमार ने बताया कि प्रशासन का कोई सहयोग नहीं है। शाम तक फ्लड पीएसी तक नहीं बुलाई गई। निजी गोताखोर बिना संसाधनों के ही अथाह जल में घुसे रहे। इसका कोई फायदा नहीं हो रहा है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में पांचाल घाट पर कांवड़ भरने आए कन्नौज के चार दोस्तों में से तीन गंगा में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों की चीखपुकार सुनकर नाविकों ने एक युवक को निकाल लिया। वहीं, दो तेज बहाव में लापता हो गए। तीन साथियों के डूबने के भय से चौथा युवक भाग गया। उसे पुलिस ने पकड़ लिया। दोपहर बाद पुलिस ने गोताखोरों की टीम लगाकर खोजबीन शुरू की, मगर देर शाम तक पता नहीं लगा।
कन्नौज के थाना छिबरामऊ के गांव देवरामपुर निवासी आशू मिश्रा (22), दोस्त पड़ोसी गांव असलतपुर निवासी सूरज (20), रामपुर बैजू निवासी अमन यादव (19) व नवनीत यादव (22) दो बाइकों से रविवार रात पांचाल घाट कांवड़ भरने आए थे। सुबह करीब छह बजे आशू, अमन और नवनीत कपड़े, मोबाइल बाहर रखकर गंगा स्नान करने गए। सूरज सामान को देख रहा था।
आसपास के लोगों के मुताबिक तीनों काफी गहरे पानी में घुसते चले गए। अचानक अमन और नवनीत पानी में डूब गए। आशू ने पीछे मुड़कर देखा, तो वह भी धार में बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर कुछ दूरी पर खड़े नाविक और तैराक युवकों ने आशू को पकड़ लिया। इसी दौरान बाहर खड़ा सूरज एक बाइक लेकर मौके से भाग गया। आशू को जब तक बाहर लाया गया, उसकी सांसें थम चुकी थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सामान व बाइक कब्जे में लेकर नवनीत के परिजनों को सूचना दी। आशू के पिता दीपक मिश्रा खेती करते हैं। पिता दीपक ने बताया कि आशु दिल्ली में नौकरी करता था। बेटे की सूरज से रंजिश चल रही थी। मोहम्मदाबाद सीओ अरुण कुमार दोपहर बाद घटनास्थल पर पहुंचे। इससे कुछ देर पहले ही परिजनों ने निजी गोताखोरों को लगाकर गंगा में खोजबीन शुरू कराई।
नवनीत के छोटे भाई और अमन के चाचा विनोद कुमार ने बताया कि प्रशासन का कोई सहयोग नहीं है। शाम तक फ्लड पीएसी तक नहीं बुलाई गई। निजी गोताखोर बिना संसाधनों के ही अथाह जल में घुसे रहे। इसका कोई फायदा नहीं हो रहा है। गंगा में नहाते वक्त लापता अमन कक्षा 12 का छात्र था, जबकि नवनीत यादव बी फार्मा कर रहा है। नवनीत के भाई अवनीश का कहना है कि यह बिना बताए कांवड़ भरने आए थे।
आधीरात को रास्ते में चारों ने ढाबे पर खाना खाया। सुबह पांचाल घाट पर जल भरने की जानकारी फोन करके परिजनों को दी थी। मगर किसी को क्या पता था कि बड़ा हादसा हो जाएगा। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि खोजबीन में कई गोताखोर लगाए गए हैं। नाविकों को भी सूचना दे दी है कि कहीं दूर ऊंचाई वाले स्थल पर भी ध्यान रखें। गंगा में विकराल बाढ़ है। लिहाजा खोजने में दिक्कत हो रही है। प्रयास और बढ़ाए जाएंगे।