Nikay Chunav 2023: फर्रुखाबाद में नामांकन के अंतिम दौर में घोषित हुए भाजपा प्रत्याशी
फर्रुखाबाद में निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दौर में रविवार को आखिरकार भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। नगर पालिका फर्रुखाबाद से अध्यक्ष पद पर टिकट मांगने वाले मुंह ताकते रह गए। भाजपा जिलाध्यक्ष की मां को प्रत्याशी बना दिया गया। इससे अब पार्टी में अंतरद्वंद की संभावना बढ़ने से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। वहीं पार्टी की सिद्धांतवादी नीति पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
जिले के नौ निकाय क्षेत्रों से अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने के लिए करीब 300 दावेेदारों ने भारतीय जनता पार्टी से आवेदन किया था। नगर पालिका फर्रुखाबाद में तो दावेदारों की काफी लंबी लाइन थी। हालांकि जिला कमेटी आवेदकों की सूची ढके रखी। आवेदकों को प्रदेश नेतृत्व के निर्णय का आश्वासन दिया जाता रहा। इससे सभी अपना-अपना टिकट पक्का मानते रहे। कुछ सक्रिय दावेदार तो मतदाताओं से संपर्क भी साध रहे थे। 24 अप्रैल को नामांकन का अंतिम दिन है। एक दिन पहले रविवार को प्रत्याशी घोषित हुए तो आवेदकों के होश उड़ गए। नगर पालिका फर्रुखाबाद से भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की मां सुषमा गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया। वहीं नगर पालिका कायमगंज से भाजपा की जिला पंचायत सदस्य ज्योति गुप्ता के ससुर सुभाष गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया है। वह भाजपा के सक्रिय सदस्य व पदाधिकारी भी हैं।
नगर पालिका फर्रुखाबाद से भाजपा से टिकट मांगने के सक्रिय दावेदार का पार्टी शीर्ष नेतृत्व के पास फीडबैक पहुंचा, तो जातिगत विरोध उनके टिकट में आड़े आ गया। पिछले करीब तीन वर्ष से वह गरीबों की बस्तियों में जाकर उनकी मदद कर अपनी राजनीति का अखाड़ा मजबूत कर रहे थे। आवेदन के बाद कई बार सुनने में आया कि समाजसेवी नेताजी का टिकट पक्का हो गया। रविवार सुबह तक उन्हीं का नाम प्रत्याशियों की सूची में गिना जाता रहा। शाम को जब सभी जिलों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी घोषित हुए तो उनका पत्ता साफ हो गया। टिकट कटने के पीछे जातिगत विरोध के अलावा अन्य कई कारणों का भी कयास लगाया जा रहा है। फिलहाल दावेदारों की लंबी सूची में शामिल सभी आवेदक मुंह ताकते रह गए।
नगर पंचायत शमसाबाद से पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता की पत्नी सैफाली गुप्ता को, कमालगंज से नम्रता, मोहम्मदाबाद से राजेश बाथम, कंपिल से नवनीत पांडेय, नवसृजित नगर पंचायत नवाबगंज से सर्वेश शाक्य व खिमसेपुर से पुष्पराज सिंह को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं नव सृजित नगर पंचाायत संकिसा बसंतपुर से सांसद मुकेश राजपूत के भतीजे भाजयुमो जिला महामंत्री राहुल राजपूत की पत्नी अनुपमा राजपूत को प्रत्याशी बनाया गया। जबकि पार्टी के सिद्धांतों के अनुसार किसी जनप्रतिनिधि के परिवार के सदस्य को टिकट न देने की बात कही जाती रही। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने जनप्रतिनिधि की पत्नी, बेटे व बेटी को टिकट देने पर रोक लगाई थी। राहुल राजपूत संगठन के पदाधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि अपनी मां की टिकट के लिए बिना आवेदन के ही शीर्ष नेतृत्व ने निर्णय लिया है। इसका वह स्वागत करते हैं।