फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   MLC Election Results 2026 Full State-Wise Winners List for UP, Bihar, Maharashtra & Karnataka explainer

एक्सप्लेनर: किसे सबसे ज्यादा फायदा, किसका बड़ा नुकसान; राज्यवार किस पार्टी को क्या दे गए एमएलसी चुनाव नतीजे?

Thu, 29 Oct 2026 07:40 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Thu, 29 Oct 2026 07:40 PM IST
सार

आइये जानते हैं कि विधान परिषद चुनाव के बाद राजनीतिक दलों के लिए स्थितियां कितनी बदलती दिख रही हैं? किस राज्य में किस पार्टी को कितना फायदा हो रहा है और किसे इसके एवज में नुकसान उठाना पड़ रहा है? 

विज्ञापन
MLC Election Results 2026 Full State-Wise Winners List for UP, Bihar, Maharashtra & Karnataka explainer
एमएलसी चुनाव के नतीजे। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे काफी दिलचस्प रहे हैं। 23 अक्तूबर को मतदान के बाद 27 अक्तूबर को मतगणना का दौर शुरू हुआ। दो दिन की लंबी गिनती के बाद कई सीटों पर नतीजे स्पष्ट हो गए हैं। वहीं, कुछ और सीटों पर अंतिम चरण की गिनती जारी है। ज्यादातर राज्य ऐसे रहे जहां नतीजे सत्ताधारी दल या गठबंधन के लिए बहुत अच्छे नहीं रहे। पार्टियों के लिहाज से किसी को नुकसान हुआ तो कुछ दलों के फायदा भी हुआ। 
विज्ञापन


आइये जानते हैं कि विधान परिषद चुनाव के बाद राजनीतिक दलों के लिए स्थितियां कितनी बदलती दिख रही हैं? किस राज्य में किस पार्टी को कितना फायदा हो रहा है और किसे इसके एवज में नुकसान उठाना पड़ रहा है? 
विज्ञापन
Trending Videos

पहले जानें- विधान परिषद चुनाव में अब तक क्या रहे हैं नतीजे?

विधान परिषद की 28 सीटों में अब तक आए नतीजों/रुझानों को देखा जाए तो सामने आता है कि भाजपा और उसकी समर्थित पार्टियों वाले एनडीए ने कुल 15 सीटें जीती हैं। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को 10 सीटें मिली हैं, जबकि एक सीट अन्य और दो निर्दलीयों के पास आती दिख रही हैं। 

ये भी पढें: एक्सप्लेनर: चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर क्या रहे नतीजे, यूपी से कर्नाटक तक एनडीए-विपक्ष में कौन आगे
विज्ञापन

MLC Election Results 2026 Full State-Wise Winners List for UP, Bihar, Maharashtra & Karnataka explainer
एमएलसी चुनाव 2026। - फोटो : अमर उजाला

चुनाव के बाद कितनी बदल गई किस पार्टी की स्थिति?


उत्तर प्रदेश में क्या बदला?

उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों (5 स्नातक और 6 शिक्षक) के चुनाव में सीटों का गणित और राजनीतिक परिदृश्य दोनों बदले हैं।

1. भाजपा ने एक सीट गंवाई-एक जीती (कोई बदलाव नहीं)
  • इस चुनाव में दांव पर लगी 11 सीटों में से छह पहले से भाजपा के पास थीं। इसमें मेरठ स्नातक, मेरठ शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक, लखनऊ शिक्षक, लखनऊ स्नातक और आगरा स्नातक सीट थीं।
  • इन छह सीटों में से भाजपा के हाथ से लखनऊ स्नातक सीट निकल गई, जिस पर सपा की कांति सिंह ने 17,127 मतों के बड़े अंतर से भाजपा प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह को हराया।
  • हालांकि, पार्टी को निर्दलीय के कब्जे वाली गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर जीत मिली। यहां उसके प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने निर्दलीय को हराकर भाजपा की सीटों की संख्या छह बरकरार रखने में मदद की।
विज्ञापन

2. समाजवादी पार्टी की दो सीट का फायदा 
  • लखनऊ स्नातक सीट सपा ने भाजपा से छीन ली। इसके अलावा पार्टी ने आगरा शिक्षक सीट निर्दलीय से छीन ली।
  • दो सीटों के फायदे के साथ सपा ने अपनी तीन पुरानी सीटें- वाराणसी स्नातक, वाराणसी शिक्षक और झांसी-इलाहाबाद स्नातक बरकरार रखीं।

3. निर्दलीयों का वर्चस्व खत्म
यूपी में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवारों का वर्चस्व समाप्त हो गया और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट के अलावा आगरा शिक्षक सीट पर भी निर्दलीय की हार हुई दोनों सीटें मुख्य दलों के खाते में चली गईं।

ये भी पढ़ें: एमएलसी चुनाव: केंद्र में एक, राज्य में पूर्वांचल से आठ मंत्री फिर भी भाजपा की हार, सपा की जीत का अंतर भी बढ़ा

MLC Election Results 2026 Full State-Wise Winners List for UP, Bihar, Maharashtra & Karnataka explainer
एमएलसी चुनाव 2026। - फोटो : अमर उजाला

बिहार में क्या बदला?

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों (4 शिक्षक और 4 स्नातक) के चुनाव परिणामों से राज्य की राजनीति में कई प्रमुख बदलाव देखने को मिले।

1. जन सुराज पार्टी
  • प्रशांत किशोर की नई पार्टी ने बिहार विधान परिषद में पहली बार अपनी चुनावी जीत दर्ज कर खाता खोला। 
  • जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और निवर्तमान एमएलसी मदन मोहन झा को 324 वोटों के अंतर से हराया।

2. राष्ट्रीय जनता दल
  • लगभग ढाई दशक के लंबे अंतराल के बाद राजद ने विधान परिषद के इन चुनावों में जीत हासिल की।
  • पटना शिक्षक सीट पर राजद के संजीव कुमार यादव ने बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा के लगातार पांच बार के निवर्तमान एमएलसी नवल किशोर यादव को हरा दिया।

3. जनता दल- यूनाइटेड
  • जदयू ने अपनी अहम पटना स्नातक सीट को सफलतापूर्वक बरकरार रखा। उसके नेता नीरज कुमार ने राजद उम्मीदवार को पराजित कर जीत दर्ज की।
  • चुनाव के दौरान मोकामा के बागी नेता अनंत सिंह ने पार्टी के खिलाफ जाकर जन सुराज प्रत्याशी का समर्थन किया था, जिसके बाद जदयू ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया।

4. भाजपा
  • भाजपा को बिहार में मिश्रित सफलता मिली। उसने एक पारंपरिक सीट गंवाई, लेकिन एक नई सीट पर जीत हासिल की।
  • तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने भाकपा के निवर्तमान एमएलसी संजय कुमार सिंह को हराकर जीत दर्ज की।
  • कोसी स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी एनके. यादव विजयी रहे। यह सीट पहले भी भाजपा के पास ही थी।
  • हालांकि, पटना शिक्षक सीट पर पार्टी के दिग्गज नेता नवल किशोर यादव की हार भाजपा के लिए बड़ा झटका रही।

5. भाकपा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कब्जे वाली तिरहुत शिक्षक सीट पर उसे हार मिली है। भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निवर्तमान एमएलसी संजय कुमार सिंह को हराकर जीत दर्ज की।

6. कांग्रेस
कांग्रेस के कब्जे वाली दरभंगा शिक्षक सीट पर उसे हार मिली। जनसुराज पार्टी ने सीट पर उसके पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और मौजूदा एमएलसी मदन मोहन झा को हराया।

7. निर्दलीय 
  • सारण शिक्षक सीट पर भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़े राहुल राज ने निवर्तमान एमएलसी आफाक अहमद को हराकर जीत हासिल की।
  • तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी जीते। पिछले चुनाव में ये सीट जदयू के पास थी। 

MLC Election Results 2026 Full State-Wise Winners List for UP, Bihar, Maharashtra & Karnataka explainer
एमएलसी चुनाव 2026। - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र में क्या बदला?

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों (तीन स्नातक और दो शिक्षक) के परिणामों में विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने तीन सीटें और सत्तारूढ़ महायुति ने 2 सीटें जीती हैं। 

1. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) 
  • शरद पवार वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गुट- राकांपा-एसपी ने चुनाव में उन दो सीटों पुणे स्नातक और छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) सीटों पर कब्जा जमाया, जो कि पहले अविभाजित राकांपा के पास थीं। इस लिहाज से देखा जाए तो पार्टी को दो सीटों का लाभ हुआ है।
  • पुणे स्नातक सीट पर हर्षदा देशमुख-जाधव ने भाजपा की स्मिता जाधव को हराया। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर प्रतापसिंह पाटिल ने अजित पवार गुट की राकांपा के निवर्तमान एमएलसी सतीश चव्हाण को पराजित किया।

2. कांग्रेस 
  • कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने नागपुर स्नातक सीट पर भाजपा के सुधाकर कोहले को 3,271 वोटों से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। 
  • नागपुर आरएसएस का मुख्यालय और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह क्षेत्र होने के कारण यह जीत कांग्रेस के लिए बड़ी जीत है।
  • हालांकि, पुणे शिक्षक सीट कांग्रेस के हाथ से निकल गई। यह सीट को भाजपा ने उससे छीन ली।

3. भाजपा
भाजपा के कौस्तुभ गावड़े ने पुणे शिक्षक सीट पर जीत हासिल की। इस सीट पर पहले कांग्रेस का कब्जा था। 
 
4. शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट)
अमरावती शिक्षक क्षेत्र से निवर्तमान एमएलसी किरण सरनाईक ने शिवसेना (शिंदे) के चुनाव चिह्न पर जीत दर्ज की।

5. रांकापा (अजित पवार गुट) और शिवसेना (यूबीटी)
अजित पवार की राकांपा और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) दोनों में से किसी भी दल को इन चुनावों में सफलता नहीं मिली (0 सीट)। औरंगाबाद में अजित पवार गुट के निवर्तमान एमएलसी सतीश चव्हाण अपनी सीट हार गए।

MLC Election Results 2026 Full State-Wise Winners List for UP, Bihar, Maharashtra & Karnataka explainer
महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव नतीजे। - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक में क्या बदला?

कर्नाटक विधान परिषद की 4 सीटों (2 स्नातक और 2 शिक्षक) के चुनाव परिणामों में भाजपा-जेडीएस के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का एकतरफा वर्चस्व रहा, जबकि सत्ताधारी कांग्रेस का पूरी तरह सूपड़ा साफ हो गया।

1. कांग्रेस को एक सीट का नुकसान
चुनाव में गई कर्नाटक की कुल चार सीटों में से सिर्फ बंगलूरू शिक्षक सीट कांग्रेस के पास थी। इस पर उसके एमएलसी पुतन्ना थे। हालांकि, चुनाव के बाद कांग्रेस ने अपनी यह सीट गंवा दी। 

2. जनता दल (सेक्युलर) को एक सीट का फायदा
  • जनता दल (सेक्युलर) यानी जेडीएस के पास मुकाबले में आईं चार सीटों में से एक भी नहीं थी।
  • उसने कांग्रेस से बंगलूरू शिक्षक सीट छीनकर अपनी तालिका में एक एमएलसी जोड़ लिया। 
  • जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के निवर्तमान MLC पुत्तन्ना को 908 वोटों से हराया।

MLC Election Results 2026 Full State-Wise Winners List for UP, Bihar, Maharashtra & Karnataka explainer
एमएलसी चुनाव नतीजे। - फोटो : अमर उजाला
3. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए समान स्थिति
  • इस चुनाव में दांव पर लगी चार में से तीन सीटें भाजपा के पास ही थीं और उसने इन सीटों को बचाने में सफलता पाई। 
  • उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर उसके शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को 3,297 वोटों से हराकर इस सीट पर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।
  • दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर केएस सुरेश ने कांग्रेस उम्मीदवार को 23,098 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया।
  • पश्चिम स्नातक सीट पर निवर्तमान एमएलसी एसवी संकनूर ने भी कांग्रेस उम्मीदवार को 9,323 वोटों से हराकर जीत हासिल की।


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed