{"_id":"57740c684f1c1ba32c79bd38","slug":"stop-lucknow-agra-express-way-work","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे का काम रोका ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे का काम रोका
अमर उजाला ब्यूरो इटावा
Updated Wed, 29 Jun 2016 11:29 PM IST
विज्ञापन
जल निकासी की व्यवस्था न होने से बनी हरदू जाने वाले मार्ग के चारों ओर भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
बनी हरदू ग्राम पंचायत में जलभराव से गुस्साए ग्रामीणों ने निर्माणाधीन लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे का काम रुकवा दिया। किसानों का आरोप है कि निर्माण कार्य के चलते पानी निकास के लिए जा रहे बंबा को अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे सैकड़ाें बीघा फसल जलमग्न हो गई। मौके पर पहुंचे डिप्टी जनरल मैनेजर के आश्वासन के बाद किसान माने।
विज्ञापन
निर्माणाधीन आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के चैनल नंबर 18 बनी हरदू के समीप बुधवार को ग्राम प्रधान बनी हरदू सुरेंद्र यादव की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने काम रोक दिया। डंपर जहां के तहां खडे़ हो गए। ग्राम प्रधान सुरेंद्र यादव ने बताया मार्ग के निर्माण के दौरान बनी हरदू का और बनी हरदू चमरौआ माइनर को बंद कर दिया गया है। जिससे बंबा में आने वाला पानी गांव के आसपास भर रहा है।
विज्ञापन
पिछले दिनों हुई बारिश सेपानी का दबाव बढ़ गया। जिससे गांव के आसपास के किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन जलमग्न हो गई। बनी हरदू, चमरौआ, टोडरपुरा, डुढ़हा गांव के किसानों के खेतों में खड़ी धान की फसल जलमग्न हो गई। कार्यदायी संस्था ने सड़क पर नालों के पुल बनने के बाद भी पानी के निकास के लिए अभी तक रास्ता नहीं खोला। जिससे ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर काम रोक दिया।
विज्ञापन
किसान बलवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, रामऔतार, रामबरन, उदयवीर कठेरिया, मेहताब सिंह, बालट्टर सिंह, रामेश्वर दयाल, लाखन सिंह ने बताया एक्सप्रेस वे के निर्माण से जहां उनकी खेती बर्बाद हो रही है, वहीं डंपरों के आवागमन से रास्ते टूट गए हैं। कंपनी ने जो सर्विस रोड बनाया है वहां पर भी पानी का निकास नहीं हो रहा है। काम रुकने की सूचना पर डिप्टी जनरल मैनेजर नीरज कुमार मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। प्रधान सुरेंद्र यादव को शीघ्र ही पानी निकासी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद काम चालू हो सका।
इस संबंध में कंपनी के सीनियर इंजीनियर दीपक कुमार ने बताया गांव में पानी निकालने की व्यवस्था की जा रही है। शीघ्र ही गांव में जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाएगी।