{"_id":"99d1478862f585fa05d2d14eae1ce7c6","slug":"for-teju-s-tilak-saifai-decorated-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दुल्हन की तरह सजकर तैयार हुआ सैफई ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दुल्हन की तरह सजकर तैयार हुआ सैफई
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Sat, 21 Feb 2015 12:14 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के पौत्र सांसद तेजप्रताप सिंह यादव के तिलकोत्सव कार्यक्रम को लेकर सैफई को दुल्हन की तरह सजाया गया है। करीब सवा लाख मेहमानों के लिए इंतजाम किए गए हैं। दिनभर सैफई देशी घी की खुशबू से महकता रहा। सामान्य मेहमानों से लेकर वीवीआईपी मेहमानों के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं।
विज्ञापन
तिलकोत्सव की रस्म शनिवार की सुबह करीब दस बजे सैफई पंडाल में होगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश भर की कई हस्तियां मौजूद रहेंगी। सांसद तेज प्रताप सिंह यादव का तिलकोत्सव शनिवार को सैफई में होना है। बेटी का तिलक लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालूप्रसाद यादव परिवारीजनों व मेहमानों के साथ शुक्रवार की शाम को सैफई पहुंच गए।
विज्ञापन
मेहमानों के ठहरने से लेकर खाने-पीने के विशेष इंतजार किए गए हैं तो सैफई को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शुक्रवार को दिनभर तिलकोत्सव कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चलती रहीं। खुद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ सैफई परिवार का प्रत्येक सदस्य व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहा।
विज्ञापन
मेहमानों के ठहरने के लिए सैफई से लेकर इटावा के गेस्ट हाउस व होटलों में व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही करीब साढ़े चार सौ विशेष कॉटेज बनाए गए हैं। एक आधुनिक सुविधा युक्त कॉटेज में एक साथ तीन लोगों के ठहरने की व्यवस्था है।
तिलकोत्सव सैफई महोत्सव पंडाल में शनिवार की सुबह करीब 10 बजे के आसपास संपन्न होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री नारायन दत्त तिवारी सहित बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी सहित देशभर के नामचीन नेता, बॉलीवुड कलाकार, कारपोरेट हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
प्रदेश सरकार के अधिकतर मंत्री मौजूद रहेंगे। वीवीआईपी मेहमानों को लेकर चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी के कारण एसपीजी ने सुरक्षा घेरा बना रखा है।
चार पंडाल में होगा मेहमानों का भोजन
ब्लाक मैदान में वीआईपी के साथ ही आम मेहमानों के लिए चार पंडाल में भोजन व्यवस्था की गई है। मेहमानों को मट्ठा के आलू, कद्दू सहित मिक्स सब्जी और पूड़ी व रोटी भी परोसी जाएगी। गुलाब जामुन और इमरती भी रहेगी। जाने-माने हलवाई ब्रह्मचारी टूंडला व आगरा के महाना अपनी टीम के साथ खाना बनाने में जुटे रहे। यहां करीब एक लाख मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था रहेगी। महिलाओं के लिए यहां अलग से पंडाल बनाया गया है।
मुगल सेरेटन के कुक बना रहे व्यंजन
वीआईपी मेहमानों के लिए एसएस मेमोरियल में खाने का इंतजाम किया गया है। यहां पकवान बनाने के लिए दिल्ली के फाइव स्टॉर होटल मुगल सेरेटन से कुक बुलाए गए हैं। खाना परोसने से पहले उसकी अच्छी तरह से जांच खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की जाएगी। खाद्य पदार्थ की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।