फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Etawah News ›   traders looted and beaten, police reached late

लुटते पिटते रहे व्यापारी, देर से पहुंची पुलिस

Wed, 03 Aug 2016 11:26 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो इटावा
अमर उजाला ब्यूरो इटावा Updated Wed, 03 Aug 2016 11:26 PM IST
विज्ञापन
traders looted and beaten, police reached late
नगरपालिका चौराहे पर बैठे मृतक के परिजन। - फोटो : अमर उजाला

शहर के रानीबाग मोहल्ले में नगर पालिका के लोडर से दबकर हुई बालक की मौत के बाद परिजन सुबह लगभग साढे़ दस बजे शव को लेकर शहर के मुख्य नगरपालिका चौराहे पहुंच गए। उनके साथ लोगों ने चौराहे को जाम कर उपद्रव शुरू कर दिया। यहां से कोतवाली चंद कदमों की दूरी पर है। लेकिन इसके बाद भी पुलिस 11 बजे मौके पर पहुंची। तब तक उपद्रवियों ने चौराहे के आसपास की कई दुकानों में तोड़फोड़, पथराव और लूटपाट की। व्यापारियाें ने कहा कि कोतवाली पुलिस सक्रिय होती तो उनका माल लुटने से बच जाता।

विज्ञापन


बुधवार को रानीबाग में बालक अरमान की नगर पालिका के वाहन की चपेट में आकर मौत होने की घटना सुबह लगभग 10 बजे हुई। इसके बाद परिजन बालक का शव लेकर साढ़े 10 बजे नगरपालिका चौराहे पहुंचे। कुछ देर में ही एक के बाद एक आटो में बैठकर उनके साथी भी वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। उग्रभीड़ ने सबसे पहले धीरेंद्र गुप्ता पुत्र वीरेंद्र गुप्ता की रेडीमेड की दुकान को अपना निशाना बनाया। व्यापारी से मारपीट शुरू कर दी। दुकान से कपड़े उठाकर फेंकना शुरू कर दिए। दुकान में लूटपाट शुरू हो गई। इसके बाद चौराहे पर ही स्थित गयाप्रसाद की समोसे और खस्ते की दुकान की भट्टी तोड़कर कड़ाही आदि सामान सड़क पर फे ंक दिया।
विज्ञापन


पास में ही स्थित शरताज अहमद की चप्पल की दुकान और अरशद हुसैन की राखी की दुकान में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ व लूटपाट शुरू कर दी। उनकी दुकानों से हजारों की राखी और चप्पलें उपद्रवी लूट ले गए। इसके बाद फड़ पर बच्चों के रेडीमेड कपड़े की दुकान सजाए व्यापारी जाविद और उर्फी की दुकानों की लूटपाट शुरू हुई। राजाराम चौरसिया की शिकंजी की दुकान पर भी तोड़फोड़ की गई। इसके साथ ही तहसील चौरहा पर भी कुछ दुकानों में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ कर दहशत फैलाई।
विज्ञापन
विज्ञापन


लगातार पौन घंटे तक शहर के मुख्य बाजार में उपद्रवियों के इस तांडव के बीच जिसे मौका लगा वह अपनी दुकान का शटर गिराकर भाग खड़ा हुआ। व्यापारियों के अनुसार उनमें से कई लोगों ने फोन पर इसकी सूचना पुलिस को दी लेकिन इसके बाद भी चंद कदमों पर स्थित कोतवाली पुलिस मौके पर देर से पहुंची। आधा घंटे बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उपद्रवी शांत हुए। इसके बाद भी चौराहे पर लगा जाम नहीं खोला। दो घंटे तक चौराहे पर लगे जाम के बीच बाजार में अफरा तफरी का माहौल रहा।

व्यापार मंडल ने की कार्रवाई की मांग
इटावा। लूटपाट की घटना के शिकार व्यापारी व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल और अन्य व्यापारी नेताओं के साथ थाना कोतवाली पहुंचे।  शहर कोतवाल देवेंद्र कुमार से व्यापारियों के साथ मारपीट, दुकानों में तोड़फोड़, लूटपाट करने वालों के उपद्रवियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने कहा कि पहले भी जाम और बाजार बंदी की घटनाएं हुई हैं लेकिन बुधवार को जो कुछ घटा उससे व्यापारी दहशत में हैं। व्यापारी धीरेंद्र गुप्ता, अरशद हुसैन, सरताज अहमद, राजू सविता, मो जावेद, उरफी और चौरसिया शिकंजी स्टाल की दुकानों से उपद्रवी हजाराें का सामान लूट ले गए। वहीं तोड़फोड़ से हजारों का नुकसान व्यापारियों को हुआ है।

पहली बार बिगड़ा शहर का माहौल
इटावा। शहर में इससे पूर्व भी कई बार प्रदर्शन हुए। मौत के मामलों में परिजन शव लेकर चौराहों पर पहुंचे और घंटों जाम लगाकर बाजार बंदी कराई लेकिन अभी तक दुकानदारों के साथ मारपीट, लूट व तोड़फोड़ की घटना नहीं हुई। बुधवार को शहर के मुख्य बाजार में जो कुछ भी घटा वह पहला मौका था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि बालक की मौत से शोकाकुल लोग इस तरह की घटना को भी अंजाम दे सक ते हैं। यही कारण था कि व्यापारियों की दुकानें हमेशा की तरह प्रदर्शन के दौरान खुली रहीं। अचानक प्रदर्शन कर रहे लोगों के इस उपद्रव से व्यापारी दहशत में रहे।

शटर गिराते-गिराते लूट ले गए सामान
इटावा। पक्की सराय के पीड़ित व्यापारियों ने कहा कि जब भीड़ उनकी दुकानों की ओर बढ़ी तो उन्होंने अपनी दुकानों का सामान समेट कर शटर गिराने का प्रयास किया। शटर गिराते-गिराते उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने उपद्रवियों से हाथ जोड़कर कुछ देर का समय मांगा लेकिन वह नहीं माने और मारपीट के साथ लूटपाट शुरू कर दी। राखी व्यापारी अरशद हुसैन के अनुसार उसने अपना लगभग पूरा सामान दुकान में अंदर रख लिया था।  शटर गिरा रहा था तभी उपद्रवियों ने उसके काउंटर पर डंडे सरिया पटकनी शुरू कर दी जिससे वह पीछे हट गया और उपद्रवियों ने दुकान में भरी राखियां लूट लीं। यहीं हाल धीरेंद्र का हुआ और उसकी रेडीमेड की दुकान से उपद्रवी कपडे़ लूट ले गए।

सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ घटनाक्रम
इटावा। नगरपालिका और तहसील चौराहे पर दो घंटे तक जो दहशत का माहौल रहा, वह यहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। जो पुलिस को मामले की जांच करने में काफी मदद करेगा। इससे इस बात का खुलासा भी हो जाएगा कि लूटपाट करने वाले कौन थे। उनमें मौत की नींद सोए बालक के परिजन भी शामिल थे या फिर मौके का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया गया। यही नहीं यहां पर कई व्यापारियों की दुकानों के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इन कै मरों में भी लूटपाट की यह घटना कैद हो चुकी है।


दोषियों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी
इटावा। एसएसपी एन कोलांचि ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि अभी उन्हें जो जानकारी मिली है उसके अनुसार बालक की मौत से आक्रोशित लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की है। लूटपाट और मारपीट की बात भी उनके संज्ञान में आई है अगर पीड़ित व्यापारी कोई तहरीर देते हैं तो उस पर पूरी सुनवाई करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर पुलिस के देरी से पहुंचने के मामले की वह जांच कराएंगे और अगर कहीं कोई लापरवाही पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीओ सिटी शिवराज सिंह का कहना रहा कि शाम तक उक्त मामले पर किसी व्यापारी ने तहरीर नहीं दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed