हवालात में फांसी लगने से हुई युवक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटावा। बकेवर थाने की हवालात में बंद युवक की मौत फांसी लगाने से हुई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंें हुआ। हालांकि युवक ने फांसी किस हालात में लगाई। इसकी पुलिस जांच कर रही है। मालूम हो कि अपराधी छवि के धर्मवीर पुत्र इंदल सिंह निवासी वैदपुरा थाना ऊसराहार को पुलिस ने पकड़ा था। बाद में उसका शव मिला था। मृतक के पिता ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि उसके पुत्र को औरैया जिले के अछल्दा से वहां के दरोगा महावीर सिंह ने पकड़ा था। बाद में बुधवार को उसे बकेवर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
थाने में पूछताछ के लिए बुलाने के बाद पुलिस की पिटाई से धर्मवीर की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने घटना को हादसा बनाने के लिए उसके शव को जंगल में फेंक दिया था।
उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी मंजिल सैनी से की। एसएसपी ने इस पर कार्रवाई करते हुए एसओ बकेवर बिजेंद्र सिंह के अलावा दरोगा बीनेश कुमार, मुंशी गोपाल बाबू, प्रदीप कुमार व हमराह मुकेश कुमार, गोविंद सिंह एवं बाबू सिंह को भी सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा एसओ बकेवर ब्रजेंद्र सिंह व अछल्दा थाने के दरोगा महावीर सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत फांसी लगने से हुई है।
इससे इस बात का शक गहरा हो गया है कि थाने में पिटाई के बाद उसे हवालात में बंद कर दिया गया होगा। हो सकता है कि वहां उसने फांसी लगा ली हो। अब सारी जानकारी तो अपर पुलिस अधीक्षक की जांच रिपोर्ट में सामने आएगी। दूसरी तरफ यह भी बताया जा रहा कि बकेवर पुलिस ने धर्मवीर हवालात में बंद कर दिया। उसने हवालात में पैंट से रोशनदान से लटककर फांसी लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई। धर्मवीर की मौत की जानकारी जैसे ही लगी पुलिस के हाथपांव फूल गए।
पुलिस ने आनन-फानन में शव का ठिकाने लगाने के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस ने चुपचाप शव को खितौरा के पास फेंक दिया। एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धर्मवीर की मौत हैंगिंग से होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि अछल्दा थाना पुलिस ने धर्मवीर को पकड़ा था। बाद में उसे बकेवर थाना पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने उसे लाकअप में बंद कर दिया जहां उसने फांसी लगा ली। जिस समय उसने फांसी लगाई उस समय ड्यूटी पर दरोगा बीनेश कुमार के अलावा मुंशी गोपाल बाबू व प्रदीप कुमार थे। उनकी लापरवाही सामने आई है।