एटा। पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन वामा सारथी की ओर से बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में विश्व कैंसर दिवस दिवस पर पुलिस परिवारों एवं कर्मियों में कैंसर को लेकर फैली भ्रांतियों व खतरों के प्रति जागरूक किया गया। वामा सारथी संस्था की प्रमुख एसएसपी सुनील कुमार सिंह की पत्नी मीनाक्षी सिंह की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस साल विश्व कैंसर दिवस की थीम ‘मैं हूं और मैं रहूंगा’ रखी गई है।
वामा सारथी उप्र पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की प्रमुख मीनाक्षी सिंह की ओर से उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवारों की महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि विश्व कैंसर दिवस चार फरवरी को यूनियन फॉर इंटरनेशनल कैंसर कंट्रोल की ओर से वर्ष 1993 से मनाया जा रहा है। डॉ. अंकित मित्तल ने कहा कि कैंसर कई तरह के होते हैं जिसमें स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, पेट का कैंसर, ब्लड कैंसर, गले का कैंसर, गर्भाशय का कैंसर, अंडाशय का कैंसर, प्रोस्टेट (पौरुष ग्रंथि) कैंसर, मस्तिष्क का कैंसर, लिवर (यकृत) कैंसर, बोन कैंसर, मुंह का कैंसर और फेफड़ों का कैंसर शामिल है। कैंसर से बचाव के उपाय के बारे में बताते हुए कहा कि शराब का सेवन न करें, रेडिएशन के संपर्क में आने से बचें, फाइबर युक्त डाइट लें, धूम्रपान करने से बचें, डाइट में अधिक फैट न लें, शरीर का सामान्य वजन बनाए रखें, नियमित रूप से एक्सरसाइज करें। इस अवसर पर एसएसपी सुनील कुमार सिंह, एएसपी राहुल कुमार, सीओ सदर इरफान नासिर खान रहे।