एटा। धान की आवक तेज होते ही बुधवार को पूरा शहर जाम हो गया। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक करीब सात घंटे तक शहर में वाहन रेंग-रेंग कर निकले। वहीं यातायात पुलिस को यातायात संभालने में एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा पर जाम से निजात नहीं मिल सकी। जीटी रोड सहित अन्य सड़कों पर जाम के हालात बने रहे। चार बजे के बाद जरूर लोगों को राहत मिल सकी।
मंगलवार की साप्ताहिक बंदी के बाद बुधवार को सुबह मंडी सहित बाजार खुले तो सड़कों पर चहल-पहल बढ़ गई। अलीगंज रोड स्थित मंडी में धान लेकर आने वाले किसानों के ट्रैक्टर, मेटाडोर, ट्रक, डीसीएम सहित अन्य वाहनों ने शिकोहाबाद चौराहा, अलीगंज रोड चौराहा सहित मंडी के समीप जाम लगा दिया। वहीं दोपहर में यह वाहन मंडी से लौटने लगे, इससे जाम की स्थिति भीषण बनी रही।