एटा। जिलाधिकारी डॉ. विभा चहल ने शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय जिरसमी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लालगढ़ी, पीएचसी लालगढ़ी और निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। डीएम को पीएचसी लालगढ़ी के निरीक्षण के दौरान डॉ. राहुल कुमार, स्टाफ नर्स अनीता, फार्मासिस्ट सर्वेंद्र अनुपस्थित मिले, वहीं केंद्र पर मेेेडिकल सुविधाओं का अभाव मिला। तीनों कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मेडिकल सुविधाओं में सुधार के लिए क्षेत्रीय नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ को निर्देश दिए कि नियमित रूप से अस्पतालों का निरीक्षण करें। इस दौरान डीएम को पूर्व माध्यमिक विद्यालय जिरसमी में प्रधानाध्यापिका निर्मला देवी अनुपस्थित मिलीं, उनसे भी जवाब तलब किया गया है।
डीएम ने जिरसमी ग्राम में भ्रमण के दौरान गांव में समुचित साफ-सफाई के निर्देश दिए, साथ ही सुमन पत्नी हरिओम के प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। राजीव गांधी ग्राम स्वराज योजना के तहत जर्जर भवन को अतिशीघ्र ध्वस्त कराने के निर्देश दिए। डीएम ने जीजीआईसी लालगढ़ी के निरीक्षण में पाया कि पंजीकृत 223 छात्राओं को रोस्टर के अनुसार विद्यालय में अध्ययन के लिए बुलाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान पाया कि 216.48 लाख की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया है, कार्य की प्रगति धीमी पाई गई। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाएं, साथ ही प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराएं। इस अवसर पर एसडीएम सदर अबुल कलाम, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह आदि मौजूद रहे।