एटा। शहर में मंगलवार को बाजार बंदी का पालन कराया गया। इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने बाजार में भ्रमण किया। 25 दुकानें खुली मिलीं, जिनसे संबंधित व्यवसायियों को हिदायत दी गई। मंगलवार के दिन शहर में बाजार बंदी का दिन निर्धारित है, लेकिन शहर के प्रमुख बाजार घंटाघर, हाथी गेट, बाबूगंज व गांधी मार्केट तक में अधिकांश दुकानें खुली रहती हैं। मंगलवार दोपहर के वक्त करीब एक बजे प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी यादवेंद्र विक्रम समेत पुलिस बल ने बाजार का निरीक्षण किया।
इस दौरान घंटाघर बाजार में कुछ दुकानें खुली मिलीं, अधिकारियों को देख दुकानदार हड़बड़ा गए और जल्दी से दुकान का शटर गिराने लगे। निरीक्षण की खबर पूरे बाजार में तेजी से फैल गई। एक के बाद एक दुकानदारों ने अपनी दुकान के शटर गिरा दिए। इस दौरान बाबूगंज, गांधी मार्केट व घंटाघर बाजार में 25 दुकानें खुली मिलीं। जिन्हें हिदायत देते हुए निरीक्षक टिप्पणी जारी की। साथ ही अगली बार बाजार बंदी का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।